चीन के डॉक्टरों ने किया ऐतिहासिक कारनामा, पहली बार इंसान के शरीर में ट्रांसप्लांट किया जीन-संशोधित सुअर का लिवर।

चीन के डॉक्टरों ने एक बड़ी मेडिकल सफलता हासिल की है, जिसमें उन्होंने पहली बार आनुवंशिक रूप से संशोधित सुअर के लिवर को इंसान में प्रत्यारोपित किया। यह प्रत्यारोपण एक ब्रेन डेड इंसान में किया गया है, और यह चिकित्सा क्षेत्र में एक चमत्कार मानी जा रही है। यह प्रक्रिया भविष्य में गंभीर रूप से बीमार रोगियों के इलाज में सहायक हो सकती है। इससे पहले, सुअर के अंगों को इंसान में प्रत्यारोपित करने की कोशिश की जा चुकी थी, जैसे किडनी और दिल, जिनमें अमेरिकी डॉक्टरों को सफलता मिली थी। इस शोध को चीन के शीआन में सैन्य चिकित्सा विश्वविद्यालय के डॉक्टरों ने नेचर पत्रिका में प्रकाशित किया है, और इस प्रत्यारोपण से गंभीर रोगियों को अस्थायी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
10 मार्च 2024 को एक छोटे सुअर के लिवर को एक ब्रेन डेड वयस्क इंसान में प्रत्यारोपित किया गया, जिसे जीन संशोधन के बाद बेहतर बनाया गया था। इस प्रत्यारोपण को सहायक ट्रांसप्लांट कहा गया, और 10 दिनों तक इसके विभिन्न कार्यों की निगरानी की गई, जैसे रक्त प्रवाह, पित्त निर्माण और प्रतिरक्षा प्रतिक्रिया। अस्पताल से जुड़ लिन वांग ने बताया कि सुअर का लिवर 'बहुत अच्छी तरह से काम कर रहा था', पित्त और प्रमुख प्रोटीन एल्ब्यूमिन का उत्पादन कर रहा था। हालांकि, रोगी के बारे में कोई व्यक्तिगत जानकारी नहीं दी गई। इस परीक्षण को परिवार के अनुरोध पर 10 दिनों के बाद समाप्त कर दिया गया, और इसे भविष्य में लिवर की समस्या वाले रोगियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
Leave Your Message