बांग्लादेशियों के एक बड़े समूह की घुसपैठ करने की कोशिश नाकाम, बीएसएफ ने उठाए बड़े कदम।
सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने पड़ोसी देश में अशांति के बीच जारी 'हाई अलर्ट' के तहत पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर बांग्लादेशियों के एक बड़े समूह की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया है। बीएसएफ के अधिकारियों के अनुसार, बल ने लगभग 120-140 बांग्लादेशी नागरिकों के एक समूह को रोक लिया, जो पश्चिम बंगाल में अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पार कर भारतीय सीमा में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि ढाका में शेख हसीना सरकार के गिरने के बाद से सुरक्षाबल 'हाई अलर्ट' पर हैं। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के ‘नॉर्थ बंगाल फ्रंटियर’ ने अफवाहों को शांत करने के लिए एक बयान जारी किया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि बांग्लादेश से अल्पसंख्यक आबादी की भारतीय सीमा की ओर कोई बड़े पैमाने पर गतिविधि नहीं हुई है। दार्जिलिंग के कदमतला स्थित फ्रंटियर मुख्यालय के प्रवक्ता ने बताया कि स्थानीय अशांति के डर से कुछ लोग एकत्र हुए थे। इन्हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया और अपने घर लौटने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बयान में कहा गया कि बांग्लादेशी नागरिकों को दो सेक्टरों में सीमा के पास एकत्र होते देखा गया, लेकिन यह लोग बांग्लादेश में प्रदर्शनकारियों के हमलों के डर से इकट्ठा हुए थे।
सेक्टर में बांग्लादेशी ग्रामीणों का एक समूह अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास पहुंच गया, जिससे थोड़ी देर के लिए हंगामा हुआ। लेकिन बीएसएफ ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को शांतिपूर्ण ढंग से सुलझा लिया और कोई प्रतिकूल घटना नहीं हुई। प्रवक्ता ने बताया कि ग्रामीण अपने घरों को लौट गए हैं। एक अन्य घटना में, उत्तर बंगाल फ्रंटियर ने कहा कि एक बड़ी घुसपैठ की कोशिश तब विफल कर दी गई जब सीमा के पास बड़ी संख्या में बांग्लादेशी भीड़ देखी गई। बीएसएफ पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर, दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के 932.39 किलोमीटर हिस्से की रक्षा करती है, जो कुल 4,096 किलोमीटर लंबी सीमा का हिस्सा है।
















































































Leave Your Message