चुनाव आयोग आज तीन बजे विधानसभा चुनाव की तारीखों का कर सकता है ऐलान, जम्मू-कश्मीर में धारा 370 के बाद पहला चुनाव।
चुनाव आयोग आज दोपहर तीन बजे एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करने वाला है, जिसमें विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया जा सकता है। चुनाव आयोग ने मीडिया को इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आमंत्रण भेजा है। यह प्रेस कॉन्फ्रेंस दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित की जाएगी। जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, झारखंड और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान संभवतः इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया जाएगा। हरियाणा की विधानसभा का कार्यकाल 3 नवंबर को खत्म हो रहा है जबकि महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है। निर्वाचन आयोग की जम्मू-कश्मीर में भी विधानसभा चुनाव 30 सितंबर से पहले कराने की योजना है। यह समय सीमा हाईकोर्ट ने तय की है। आयोग ने चुनाव संबंधी तैयारियों का जायजा लेने के लिए हाल में जम्मू-कश्मीर और हरियाणा का दौरा किया था लेकिन उसने महाराष्ट्र का दौरा अभी तक नहीं किया है। अक्सर चुनाव की तारीखों का ऐलान करने से पहले आयोग की टीम संबंधित राज्य का दौरा कर वहां चुनाव से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेती है। इसलिए माना जा रहा है कि आयोग जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए तारीखों का ऐलान कर सकता है।
धारा 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार विधानसभा चुनाव होंगे। इससे पहले, जम्मू-कश्मीर में आखिरी विधानसभा चुनाव 2014 में हुआ था। चुनाव आयोग के अनुसार, उत्तरी कश्मीर के जिलों में चुनाव आयोजित करना एक बड़ी चुनौती है, क्योंकि इन क्षेत्रों के कई इलाके संवेदनशील माने जाते हैं। मई 2022 में जम्मू-कश्मीर में परिसीमन के बाद विधानसभा सीटों की संख्या 90 हो गई है। इनमें जम्मू में 43 सीटें और कश्मीर घाटी में 47 सीटें हैं। इससे पहले 2014 में विधानसभा की 87 सीटों पर चुनाव हुए थे, जिसमें जम्मू की 37, कश्मीर घाटी की 46, और लद्दाख की 6 सीटें शामिल थीं।
















































































Leave Your Message