पोलैंड-यूक्रेन दौरे पर निकले पीएम मोदी, क्या युद्ध रोकने पर होगी चर्चा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से दो दिवसीय पोलैंड के दौरे पर रवाना हो गए हैं। इस यात्रा के दौरान पीएम मोदी पोलैंड के अलावा यूक्रेन भी जाएंगे। पोलैंड के दौरे की शुरुआत करते हुए, पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा कि वे वॉरसॉ के लिए रवाना हो रहे हैं और यह यात्रा एक विशेष समय पर हो रही है, जब दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों के 70 वर्षों का जश्न मनाया जा रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और पोलैंड के बीच गहरी दोस्ती है और उन्होंने पोलैंड के राष्ट्रपति एंड्रेज सेबेस्टियन डूडा और प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात का भी उल्लेख किया। उन्होंने यह भी बताया कि आज शाम के कार्यक्रम में भारतीय समुदाय को संबोधित करेंगे। खास बात यह है कि पिछले 45 वर्षों में पहली बार कोई भारतीय वॉरसॉ की धरती पर कदम रखने वाला है। पोलैंड में लगभग 25,000 भारतीय रहते हैं, जिनमें से करीब 5,000 छात्र हैं जो पढ़ाई के लिए यहां आए हैं।
रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध के बीच, पोलैंड की सरकार और जनता ने यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऑपरेशन गंगा के दौरान, पोलैंड ने भारत की पूरी मदद की थी और 2022 में पोलैंड के रास्ते 4,000 से ज्यादा भारतीय छात्रों को यूक्रेन से बाहर निकाला गया था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 अगस्त को पोलैंड से यूक्रेन के लिए रवाना होंगे। वे यूक्रेन की राजधानी कीव में रेल फोर्स वन नामक ट्रेन से यात्रा करेंगे। यह 30 सालों में पहला मौका होगा जब कोई भारतीय प्रधानमंत्री यूक्रेन की धरती पर कदम रखेगा। पीएम मोदी यूक्रेन के फ्लैग डे के अवसर पर यूक्रेन जा रहे हैं और इस यात्रा के दौरान भारत और यूक्रेन के बीच कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों पर हस्ताक्षर भी किए जा सकते हैं। पूरी दुनिया की नजर इस ऐतिहासिक दौरे पर बनी हुई है।
















































































Leave Your Message