सौरभ भारद्वाज ने एलजी और बीजेपी पर पेड़ कटवाने का लगायाआरोप, इस्तीफे की करी मांग।
दिल्ली के कैबिनेट मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सौरभ भारद्वाज ने एक बार फिर से पेड़ कटवाने को लेकर उपराज्यपाल विनय सक्सेना और बीजेपी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि एलजी को मीडिया के सामने आकर इस मुद्दे पर जवाब देना चाहिए क्योंकि दिल्ली की जनता उनकी कार्रवाई को लेकर सवाल उठा रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि एलजी और बीजेपी ने दिल्ली में पेड़ कटवाए हैं और उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। सौरभ भारद्वाज ने रविवार को दावा किया कि दिल्ली में 1,100 से अधिक पेड़ बिना अनुमति के काटे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि एलजी विनय सक्सेना 3 फरवरी 2024 को पेड़ काटे जाने वाले स्थान पर गए थे। भारद्वाज ने उपराज्यपाल से एक प्रेस कांफ्रेंस कर दिल्ली की जनता को इस मुद्दे पर पूरी जानकारी देने की अपील की है।
आप नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर बिना अनुमति के पेड़ काटे गए हैं। उन्होंने कहा कि यह सब उपराज्यपाल विनय सक्सेना के निर्देश पर किया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या अधिकारियों ने उपराज्यपाल को यह जानकारी नहीं दी कि बिना अनुमति के पेड़ नहीं काटे जा सकते। सौरभ भारद्वाज ने यह भी पूछा कि अगर उपराज्यपाल को गुमराह करके पेड़ काटे गए हैं, तो दिल्ली के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है। सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली की पूरी अफसरशाही को गिरवी रख दिया गया है। उन्होंने कहा कि आवश्यक कार्य जैसे जल बोर्ड की सेवाएं, अस्पतालों के लिए दवाइयों की खरीद, और मोहल्ला क्लीनिक में तनख्वाह की समस्याएं नजरअंदाज की जा रही हैं। इसके अलावा, रविवार को कुछ आम आदमी पार्टी के निगम पार्षद और नेता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सौरभ भारद्वाज ने कहा कि देश में डर का माहौल है और बड़े-बड़े आईएएस अधिकारी नतमस्तक हैं, इसलिए निगम पार्षदों के निर्णय को भी समझा जा सकता है।
















































































Leave Your Message