राहुल गांधी ने ‘भारत डोजो यात्रा’ की करी घोषणा, युवाओं को मार्शल आर्ट और फिटनेस के लिए करेंगे प्रेरित।
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी नई यात्रा की घोषणा की है, जिसे ‘भारत डोजो यात्रा’ नाम दिया गया है। 'डोजो' शब्द आमतौर पर मार्शल आर्ट के प्रशिक्षण कक्ष या स्कूल के लिए उपयोग किया जाता है, और इस यात्रा का उद्देश्य युवा पीढ़ी को इस क्षेत्र में प्रशिक्षित और प्रेरित करना है। इससे पहले, राहुल गांधी ने 'भारत जोड़ो यात्रा' और 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' का नेतृत्व किया था, जो क्रमशः कन्याकुमारी से कश्मीर और मणिपुर से मुंबई तक की गई थीं।
राहुल गांधी ने इस नई यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य मार्शल आर्ट की विविध तकनीकों, जैसे कि जिउ-जित्सु, ऐकिडो और अहिंसक संघर्ष, को प्रमोट करना है। उन्होंने अपने यूट्यूब चैनल और X (पूर्व में ट्विटर) पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें वह बच्चों के साथ मार्शल आर्ट की बारीकियां साझा करते हुए नजर आ रहे हैं। इस वीडियो के माध्यम से उन्होंने बताया कि 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' के दौरान जिउ-जित्सु का अभ्यास उनकी दिनचर्या का हिस्सा बन गया था और यह एक सामुदायिक गतिविधि में बदल गया था, जिसमें स्थानीय युवाओं और यात्रा के साथियों को शामिल किया गया था। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर इस यात्रा के अनुभवों को साझा करके वह युवाओं को 'जेंटल आर्ट' के प्रति जागरूक करना चाहते हैं। उनका मानना है कि मार्शल आर्ट न केवल फिटनेस के लिए फायदेमंद है, बल्कि यह मानसिक और भावनात्मक संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस यात्रा के माध्यम से, युवा इस कला के प्रति रुचि विकसित करेंगे और इसे अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाएंगे। राहुल गांधी ने यह भी उल्लेख किया कि भारत डोजो यात्रा का प्रारंभ जल्द ही होगा, और वह इस यात्रा को युवाओं के बीच एक सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
















































































Leave Your Message