केजरीवाल एक बार फिर 'जनता की अदालत' को करेंगे संबोधित, छत्रसाल स्टेडियम में होगा कार्यक्रम।
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल एक बार फिर 'जनता की अदालत' कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम रविवार, 6 अक्टूबर को दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में आयोजित होगा। इससे पहले, 22 सितंबर को उन्होंने दिल्ली के जंतर-मंतर पर इस कार्यक्रम को संबोधित किया था। पिछले महीने जेल से रिहा होने के बाद, केजरीवाल ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया, जिसके बाद आतिशी को दिल्ली का नया मुख्यमंत्री बनाया गया। उन्होंने सीएम पद से इस्तीफा देते हुए कहा था कि जब तक जनता उन्हें ईमानदारी का सर्टिफिकेट नहीं दे देती, वे मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। इस क्रम में उन्होंने 'जनता की अदालत' का आयोजन शुरू किया है। पिछली बार 22 सितंबर को हुए इस कार्यक्रम में केजरीवाल के अलावा पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, दिल्ली सरकार के मंत्री सौरभ भारद्वाज, मुकेश अहलावत, इमरान हुसैन, गोपाल राय और आम आदमी पार्टी के कई बड़े नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे।
जंतर मंतर पर 'जनता की अदालत' कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकर्ताओं ने अरविंद केजरीवाल के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने 'केजरीवाल संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं' और 'जेल के ताले टूट गए, केजरीवाल छूट गए' जैसे नारे लगाए। आप की ओर से कहा गया कि मुख्यमंत्री रहते हुए अरविंद केजरीवाल को केंद्र सरकार ने जेल में डाल दिया। इसके साथ ही दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन और अन्य कई नेताओं को भी जेल में भेजा गया। बावजूद इन सभी बाधाओं के, दिल्ली में जनता के लिए चल रहे विकास कार्यों में कोई रुकावट नहीं आई।
















































































Leave Your Message