अरविंद केजरीवाल कल करेंगे सीएम आवास का त्याग, कहाँ होगा उनका अब नया ठिकाना ?
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल शनिवार को सीएम आवास खाली करेंगे। इसके बाद वह नई दिल्ली विधानसभा में रहेंगे, जहां 'आप' सांसद अशोक मित्तल के घर में ठहरेंगे। अशोक मित्तल का घर 5 फिरोजशाह रोड पर है। अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से अपनी विधानसभा और दिल्ली चुनाव का प्रचार देखेंगे। पार्टी के कई नेताओं, पार्षदों, विधायकों और सांसदों ने उन्हें अपने घर की पेशकश की थी। इस संबंध में एबीपी न्यूज़ ने पहले ही जानकारी दी थी कि केजरीवाल अशोक मित्तल के घर रहेंगे। इसके पहले 'आप' की ओर से बताया गया था कि केजरीवाल सिविल लाइंस में ‘फ्लैगस्टाफ रोड’ पर स्थित मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास अगले एक-दो दिनों में खाली कर देंगे, क्योंकि उनके लिए नई दिल्ली में एक नया आवास निर्धारित किया गया है, जहां वह अपने परिवार के साथ रहेंगे।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, अरविंद केजरीवाल अपने परिवार के साथ मंडी हाउस के पास फिरोज शाह रोड पर 'आप' के राज्यसभा सांसदों को आवंटित दो सरकारी बंगलों में से एक में रह सकते हैं। बताया गया है कि ये बंगले रविशंकर शुक्ला लेन स्थित 'आप' मुख्यालय के काफी नजदीक हैं।इस महीने की शुरुआत में दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाले केजरीवाल ने कहा था कि वह नवरात्रि के दौरान फ्लैगस्टाफ रोड स्थित सरकारी आवास खाली कर देंगे। पार्टी ने एक बयान में बताया, "अरविंद केजरीवाल अगले एक-दो दिनों में मुख्यमंत्री का आधिकारिक आवास खाली कर देंगे, क्योंकि उनके और उनके परिवार के लिए एक नया आवास निर्धारित किया गया है। पार्टी ने यह भी स्पष्ट किया कि केजरीवाल अपने परिवार के साथ नई दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में रहेंगे, जिसका वे दिल्ली विधानसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं। इससे पहले, 'आप' ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया था कि केजरीवाल को राष्ट्रीय पार्टी के प्रमुख के रूप में आधिकारिक आवास मुहैया कराया जाए।
















































































Leave Your Message