तूफान 'दाना' ने ओडिशा और पश्चिम बंगाल में दी दस्तक, पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से सड़कों पर जाम।
चक्रवाती तूफान 'दाना' का लैंडफॉल ओडिशा और पश्चिम बंगाल में व्यापक असर दिखा रहा है। यहां तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है। ओडिशा में कई जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए हैं, जिससे रिहायशी इलाकों को भी नुकसान हुआ है। भद्रक के धामरा क्षेत्र में तटवर्ती गांवों में पेड़ गिरने से सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। नुकसान का पूरा आकलन तूफान के बाद ही किया जा सकेगा। ओडिशा फायर सर्विसेज के एक अधिकारी ने बताया कि पेड़ गिरने के कारण सड़कें अवरुद्ध हैं। पहले वे राष्ट्रीय और अन्य सड़कों को साफ करेंगे, फिर आवासीय क्षेत्रों की ओर बढ़ेंगे। अभी तक गंभीर नुकसान की कोई सूचना नहीं है। तूफान 'दाना' 10 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है, और प्रभावित क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी है। समुद्र में ऊंची लहरें उठ रही हैं। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को राज्य सरकार की तैयारियों के बारे में जानकारी दी है।
हालांकि, लैंडफॉल के बाद जैसे-जैसे तूफान 'दाना' आगे बढ़ रहा है, इसकी रफ्तार कमजोर पड़ती जा रही है। मौसम विभाग इस तूफान की गति और दिशा पर लगातार नजर रख रहा है। ओडिशा में करीब 6 लाख लोगों को खतरे वाले क्षेत्रों से सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बताया कि 6,000 से ज्यादा शेल्टर होम में इन लोगों को रखा गया है। शेल्टर होम में उन्हें भोजन, पानी, दवा और अन्य आवश्यक चीजें प्रदान की जा रही हैं।
















































































Leave Your Message