शिल्पा शेट्टी के रेस्टोरेंट से चोरी हुई 80 लाख की बीएमडब्ल्यू कार, पुलिस ने शुरू की जांच।
बॉलीवुड एक्ट्रेस और वेलनेस आइकन शिल्पा शेट्टी कुंद्रा का रेस्टोरेंट "बास्टियन - एट द टॉप" दादर वेस्ट में कोहिनूर स्क्वायर की 48वीं मंजिल पर है। रविवार को वहां एक हैरान कर देने वाली घटना हुई, जिससे रेस्टोरेंट चर्चा में आ गया है। शिल्पा शेट्टी के रेस्टोरेंट से एक कार चोरी हो गई है। यह एक बीएमडब्ल्यू Z4 कन्वर्टिबल कार है, जिसकी कीमत लगभग 80 लाख रुपये है। कार के मालिक, 34 वर्षीय कारोबारी रुहान फिरोज खान, अपने दो दोस्तों के साथ रात 1 बजे के करीब बास्टियन पहुंचे। उन्होंने अपनी कार की चाबियां रेस्टोरेंट के वैलेट को दीं। रेस्टोरेंट बंद होने के बाद, जब रुहान ने पार्किंग स्टाफ से अपनी कार वापस मांगी, तो वह चौंक गए क्योंकि कार गायब थी। बाद में सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि अज्ञात लोग रात 2 बजे के आसपास बीएमडब्ल्यू कार चुरा ले गए थे। इसके बाद रुहान ने तुरंत शिवाजी पार्क पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। रुहान की शिकायत के बाद शिवाजी पार्क पुलिस ने संदिग्धों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) (चोरी की सजा) के तहत मामला दर्ज किया है। रुहान के वकील अली काशिफ खान ने बताया कि पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। बता दें कि शिल्पा शेट्टी कुंद्रा दादर पश्चिम में कोहिनूर स्क्वायर की 48वीं मंजिल पर स्थित एक हाई-एंड रेस्टोरेंट, बास्टियन - एट द टॉप की मालिक हैं। मालिक ने अपनी कार की कीमत 80 लाख बताई है।
















































































Leave Your Message