महाराष्ट्र चुनाव में महायुति की जीत का दावा, फडणवीस को सीएम बनाने की बात पर अमित शाह का जोर।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीति काफी गर्मा गई है, और मुख्यमंत्री बनने को लेकर महायुति के भीतर कयास लगाए जा रहे हैं। महाराष्ट्र के सांगली जिले के शिराला में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस संदर्भ में कुछ अहम बातें कही। महाराष्ट्र में सत्ताधारी गठबंधन बीजेपी, शिवसेना और एनसीपी मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। अमित शाह ने शुक्रवार (8 नवंबर 2024) को कहा कि पूरे राज्य में लोग चाहते हैं कि चुनाव के बाद महायुति की सरकार बने और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की जीत हो। उन्होंने यह भी कहा, "केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार है, और चुनाव के बाद राज्य में भी बीजेपी-शिवसेना-एनसीपी गठबंधन की सरकार बननी चाहिए।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि गृह मंत्री अमित शाह का यह बयान इसलिए था ताकि देवेंद्र फडणवीस को मुख्यमंत्री बनाए जाने का रास्ता साफ किया जा सके। हालांकि, महायुति की ओर से अभी तक मुख्यमंत्री पद के लिए किसी का नाम नहीं घोषित किया गया है। इससे पहले, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि चुनाव के बाद की परिस्थितियों के आधार पर बड़ा नेता मुख्यमंत्री का फैसला करेगा। अमित शाह के बयान पर महायुति के नेताओं ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। एनसीपी प्रमुख और डिप्टी सीएम अजित पवार ने कहा कि चुनाव के बाद सब बैठकर फैसला करेंगे। वहीं, शिवसेना के नेता और पूर्व सांसद राहुल शेवाले ने कहा कि अमित शाह ने यह बयान बीजेपी के वरिष्ठ नेता के तौर पर दिया। अमित शाह ने सांगली में अपनी रैली में कहा, "20 नवंबर 2024 को पूरे महाराष्ट्र में मतदान होना है, और अब आपको निर्णायक कदम उठाना है।" उन्होंने बताया कि डेढ़ महीने पहले उन्होंने राज्य के कई हिस्सों का दौरा किया था, और हर जगह एक ही भावना थी—महायुति सरकार बनानी है और देवेंद्र फडणवीस को विजयी बनाना है।
















































































Leave Your Message