50 साल बाद गयाना पहुंचे पीएम मोदी, गयाना और बारबाडोस ने दिया उन्हें अपना सर्वोच्च पुरस्कार।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्तमान समय में दुनिया के सबसे पॉपुलर और प्रभावशाली नेताओं में से एक हैं। पीएम मोदी इस समय तीन देशों की यात्रा पर हैं। पहले उन्होंने नाइजीरिया का दौरा किया, फिर जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए वह ब्राजील के रियो डी जेनेरियो शहर गए। अब, अपनी यात्रा के अंतिम चरण में, प्रधानमंत्री मोदी बुधवार को गयाना पहुंचे हैं। गयाना और बारबाडोस दोनों देशों ने पीएम मोदी को अपने सर्वोच्च पुरस्कार से सम्मानित करने का ऐलान किया है। गयाना और बारबाडोस ने पीएम मोदी को अपने सबसे बड़े अवार्ड पुरस्कार प्रदान करने की घोषणा की है। जानकारी के मुताबिक, गयाना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना सर्वोच्च राष्ट्रीय पुरस्कार "द ऑर्डर ऑफ एक्सीलेंस" प्रदान करेगा। वहीं, बारबाडोस प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रतिष्ठित मानद ''ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस'' से सम्मानित करेगा।
50 साल बाद पहली बार भारतीय प्रधानमंत्री गयाना की यात्रा पर गए हैं। गयाना में भारतीय मूल के नागरिकों की बड़ी संख्या है, जो लगभग 3,20,000 के आसपास हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जब गयाना पहुंचे, तो राष्ट्रपति इरफान अली और उनके 12 से अधिक कैबिनेट मंत्री उनका स्वागत करने के लिए उपस्थित थे। पीएम मोदी 21 नवंबर तक गयाना में रहेंगे, जहां वे गयाना के राष्ट्रपति इरफान अली के साथ दोनों देशों के संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा करेंगे। इसके अलावा, पीएम मोदी कैरेबियाई देशों के नेताओं से मिलने के लिए दूसरे भारत-कैरीकॉम शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। हाल ही में, डोमिनिका ने भी पीएम मोदी को अपना सर्वोच्च पुरस्कार "डोमिनिका अवार्ड ऑफ ऑनर" देने का ऐलान किया था। अब तक पीएम मोदी को 19 अंतरराष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं।
















































































Leave Your Message