पूर्व बीजेपी विधायक जितेंद्र सिंह शंटी हुए आम आदमी पार्टी में शामिल!
पद्म श्री जितेन्द्र सिंह शंटी आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। जितेन्द्र सिंह शंटी 2013 में भारतीय जनता पार्टी (भा.ज.पा.) से विधायक रह चुके हैं। शाहदरा से राम निवास गोयल के इस्तीफे के बाद, उन्हें इस सीट से पार्टी का उम्मीदवार माना जा रहा है।
आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पूर्व भाजपा विधायक जितेन्द्र सिंह शंटी के आम आदमी पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। केजरीवाल ने कहा, "जितेन्द्र को ‘एम्बुलेंस मैन’ के नाम से जाना जाता है। उन्होंने 70,000 से ज्यादा शवों का सम्मानजनक तरीके से अंतिम संस्कार किया। कोविड के दौरान जब लोग अपने प्रियजनों के शवों को लेने से डर रहे थे, तब शंटी ने न केवल शवों को स्वीकार किया, बल्कि उनका उचित सम्मान और अंतिम संस्कार भी किया। उस कठिन समय में जब खुद शंटी और उनका परिवार कोरोना से प्रभावित हुआ, तब भी उन्होंने अपनी सेवा को जारी रखा। इस समर्पण और सेवा के कारण उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया। वह राजनीति में लोगों की सेवा करने के लिए आए हैं, और उनके शामिल होने से आम आदमी पार्टी को मजबूती मिलेगी।"
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान केजरीवाल ने राम निवास गोयल के चुनावी राजनीति से संन्यास लेने के फैसले पर भी बात की। उन्होंने कहा, "गोयल जी का चुनावी राजनीति से अलविदा लेना हमारे लिए एक भावनात्मक क्षण है। उनके मार्गदर्शन ने हमें सदन में और बाहर हमेशा सही दिशा दी है। उनकी बढ़ती उम्र और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए, उन्होंने हाल ही में इस कदम का निर्णय लिया था। हम उनके फैसले का सम्मान करते हैं। गोयल साहब हमारे परिवार के अभिभावक रहे हैं, और हमेशा रहेंगे। पार्टी को उनके अनुभव और सेवाओं की आवश्यकता भविष्य में भी बनी रहेगी।"
















































































Leave Your Message