पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना की आज से शुरुआत, बीजेपी ने केजरीवाल पर लगाया चुनावी हिंदू बनने का आरोप।
पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना के रजिस्ट्रेशन की शुरुआत आज से की जाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस योजना का शुभारंभ खुद करेंगे। वे आज दोपहर 12 बजे कनॉट प्लेस स्थित हनुमान मंदिर जाकर पुजारियों का रजिस्ट्रेशन करेंगे। इस दौरान उनकी पत्नी भी उनके साथ होंगी। केजरीवाल ने ट्वीट कर इस बारे में जानकारी दी, जिसमें उन्होंने कहा कि वह कनॉट प्लेस के हनुमान मंदिर से पुजारी-ग्रंथी सम्मान योजना का शुभारंभ करेंगे। वहीं, दिल्ली की उपमुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री आतिशी इस योजना की शुरुआत करोल बाग स्थित गुरुद्वारे से करेंगी। अरविंद केजरीवाल ने कल इस योजना की घोषणा की थी, जिसके तहत दिल्ली के पुजारियों और ग्रंथियों को सम्मान दिया जाएगा। आप नेता ने ट्वीट कर कहा कि पुजारी ग्रंथी सम्मान योजना के ऐलान के बाद देश भर से फ़ोन और मेसेज आ रहे हैं। सभी धार्मिक लोग बहुत खुश हैं। दिल्ली के कई पुजारी और ग्रंथी मुझसे मिलने आए और उन्होंने आशीर्वाद दिया।
बीजेपी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर चुनावी हिंदू बनने का आरोप लगाया है। पार्टी ने कहा कि जो केजरीवाल 10 साल तक इमामों को सैलरी बांटते रहे, जिन्होंने प्रभु श्रीराम के मंदिर बनने पर खुशी नहीं जताई और जिनकी राजनीति हिंदू विरोधी रही, उन्हें अब चुनावी माहौल में पुजारियों और ग्रंथियों की याद आ रही है। इससे पहले, अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को ऐलान किया था कि अगर आम आदमी पार्टी सत्ता में लौटती है, तो दिल्ली के मंदिरों में काम करने वाले पुजारियों और गुरुद्वारों में ग्रंथियों को 18,000 रुपये प्रति माह की सम्मान राशि दी जाएगी। यह योजना पार्टी का पांचवां चुनावी वादा है, जिसमें महिलाओं, दलितों, वरिष्ठ नागरिकों, और अन्य विशिष्ट वर्गों के लिए भी कल्याणकारी योजनाओं की घोषणा की गई है। इसके अलावा, 24 घंटे पानी की आपूर्ति का वादा भी किया गया है।
















































































Leave Your Message