भुवनेश्वर में एटीएम चोरी की वारदात आई सामने, चोर हुए फरार पुलिस की जांच जारी।
ओडिशा के भुवनेश्वर में लिंगराज थाना क्षेत्र के श्रीरामनगर इलाके में गुरुवार रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई। चोरों ने एटीएम मशीन को उखाड़कर उसमें रखी नकदी लूट ली और बाद में मशीन को गंगुआ नाले में फेंक दिया। घटना देर रात हुई, जब आसपास के इलाके में लोग सो रहे थे। चोर बड़ी आसानी से कैश लेकर फरार हो गए। पुलिस ने घटना के बाद नाले से एटीएम मशीन बरामद कर ली, लेकिन नकदी और चोरों के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस ने संदिग्ध ऑटो-रिक्शा को जब्त कर लिया है और मान रही है कि इसी ऑटो का इस्तेमाल चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने में किया। पुलिस मामले की जांच तेज़ी से कर रही है और आरोपियों को पकड़ने की कोशिश जारी है। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जिसमें चार अपराधी नजर आ रहे हैं। इन सभी ने कपड़े के मास्क से अपना चेहरा ढका हुआ था और कैप वाली जैकेट पहनी हुई थी, जिससे उनकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है। पुलिस स्थानीय निवासियों और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है, ताकि घटना से जुड़ी अहम जानकारी मिल सके। अब तक के सुराग के अनुसार, चोरों ने बड़ी साजिश के तहत यह चोरी की है और पुलिस को उनकी जल्द पहचान करने की उम्मीद है।
एक सप्ताह पहले बाइक सवार दो चोरों ने कर्नाटक के बीदर में एक एटीएम वैन लूट ली थी। आरोपियों ने वैन में तैनात गार्ड की गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं, ड्राइवर को भी गोलीबारी में घायल कर दिया था। 93 लाख लूटने के बाद ये चोर बाइक में फरार हो गए थे और हैदराबाद पहुंचे थे। यहां उन्होंने छत्तीसगढ़ के रायपुर के लिए बस पकड़ी, लेकिन जब बस कंपनी के मैनेजर को उन पर शक हुआ तो आरोपियों ने गोलीबारी कर दी थी और मौके से भाग गए थे।
















































































Leave Your Message