महाकुंभ को लेकर मौर्य का तीखा पलटवार: 'अखिलेश और ममता की मानसिकता पर उठाए सवाल।
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने महाकुंभ को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा पलटवार किया है। मौर्य ने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता खुशी से झूम रही है, हर जगह विकास कार्य नजर आ रहा है, लेकिन अखिलेश यादव और उनके जैसे लोग यह देखकर चिढ़ रहे हैं। मौर्य ने कहा, "जब देश और प्रदेश की सेवा हो रही है, जब जनता खुशी से झूम रही है और विकास के कार्यों का लाभ उन्हें मिल रहा है, तो समाजवादी पार्टी को यह सब क्यों नहीं दिखाई दे रहा? उनका हाजमा खराब हो गया है। उन्होंने अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को चेतावनी दी कि जो भी कुंभ का विरोध कर रहे हैं, वे अपनी पार्टी को न केवल नुकसान पहुंचा रहे हैं, बल्कि अपने राजनैतिक भविष्य को भी अंधेरे में ले जा रहे हैं। मौर्य ने कहा, "कुंभ की सफलता का स्वागत करें, यह एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक आयोजन है। अखिलेश यादव और उनकी पार्टी को अगर इस आयोजन की सफलता नहीं दिखाई दे रही तो उनकी मानसिकता पर सवाल उठते हैं।"
इसके अलावा, डिप्टी सीएम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी एक पोस्ट डाला जिसमें उन्होंने कहा, "अखिलेश यादव और ममता बनर्जी को सिर्फ माफिया, मोहर्रम और मुस्लिम तुष्टीकरण पसंद है, इसलिए उन्हें भारतीय संस्कृति का यह विराट स्वरूप महाकुंभ इतना बुरा लग रहा है। महाकुंभ को 'मृत्युकुंभ' कहना करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का अपमान है।" मौर्य का यह बयान ममता बनर्जी द्वारा महाकुंभ को 'मृत्युकुंभ' कहे जाने पर आधारित था, जिसको लेकर देशभर में विवाद छिड़ गया था। बीजेपी, साधु-संत और धार्मिक गुरुओं ने इस बयान पर तीखी आलोचना की थी। वहीं, अखिलेश यादव लगातार महाकुंभ को लेकर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन मौर्य का कहना है कि यह "विक्षिप्त मानसिकता" का परिणाम है। मौर्य ने कहा कि विपक्षी दलों को महाकुंभ की सफलता पर गर्व करना चाहिए और इससे जुड़ी राजनीति को छोड़ देना चाहिए।
















































































Leave Your Message