सीएम मोहन यादव ने महिला दिवस पर की ऐतिहासिक घोषणा, जबरन धर्मांतरण और रेप के दोषियों को मिलेगी अब फांसी की सजा।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने एक महत्वपूर्ण ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि जबरन धर्मांतरण और रेप करने वालों को फांसी की सजा दी जाएगी। इसके लिए धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम में फांसी का प्रावधान किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार धर्मांतरण को प्रदेश में बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेगी। मध्य प्रदेश सरकार ने पहले ही 2021 में धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम पारित किया था, जिसका उद्देश्य गैरकानूनी धर्म परिवर्तन को रोकना और धर्म की स्वतंत्रता को सुनिश्चित करना है। इस अधिनियम के तहत गैरकानूनी धर्म परिवर्तन कराने पर कड़ी सजा का प्रावधान है, और महिलाओं एवं नाबालिगों के धर्म परिवर्तन कराने पर 2 से 10 साल की सजा का प्रावधान रखा गया है। महिला दिवस के मौके पर सीएम मोहन यादव के काफिले की सुरक्षा की जिम्मेदारी महिला सुरक्षाकर्मियों ने संभाली, जिसमें उप पुलिस अधीक्षक बिट्टू शर्मा और इंस्पेक्टर इरशाद अली शामिल थे।
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मीडिया से बातचीत में भारत की संस्कृति को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, "भारत की संस्कृति में मां और बहन प्रधान हैं, इसलिए हम देश को भारत माता कहते हैं।" साथ ही, उन्होंने सभी बहनों को महिला दिवस की बधाई दी और कहा कि आज की पूरी व्यवस्था में गाड़ी संचालन से लेकर सुरक्षा और कार्यक्रम की जिम्मेदारी महिला विभाग को सौंपी गई है। यह प्रयोग राज्य के विभिन्न हिस्सों में लागू किया जा रहा है। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना के तहत 22वीं किस्त जारी की। उन्होंने कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में आयोजित 'लाड़ली बहना राशि अंतरण कार्यक्रम' में भाग लिया और एक क्लिक के जरिए 1.27 करोड़ से अधिक बहनों के खातों में 1552.73 करोड़ रुपये भेजे। इस दौरान, 450 रुपये में गैस सिलेंडर रीफिल योजना के तहत 26 लाख से अधिक पात्र बहनों को 55.95 करोड़ रुपये की अनुदान राशि भी भेजी गई।
















































































Leave Your Message