अखिलेश यादव ने ‘1090’ हेल्पलाइन को राजस्थान में लागू करने की सराहना की, महिला सुरक्षा को मिली नई दिशा।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राजस्थान सरकार के एक हालिया फैसले से काफी प्रसन्न हैं। उन्होंने इसको लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट भी साझा किया। कन्नौज के सांसद ने लिखा कि सपा सरकार के कार्यकाल में उत्तर प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा के लिए शुरू की गई ‘1090’ हेल्पलाइन को अब राजस्थान सरकार अपनाने जा रही है। उम्मीद है कि इस पहल से राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा को एक मजबूत और प्रभावी संरचना मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि PDA आंदोलन में महिलाओं की भूमिका हमेशा से अहम रही है। इसी वजह से समाजवादी सरकार ने प्रत्येक बालिका, युवती और महिला में सुरक्षा की भावना और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए इस तरह के कदम उठाए थे। सकारात्मक कार्य हमेशा सकारात्मक राजनीति की प्रेरणा बनते हैं, और समाजवादी पार्टी की सबसे बड़ी उपलब्धि यही रही है कि उसके कार्य समाज को समर्पित होते हैं। सपा की यह पहल अब राजस्थान में भी प्रभावी होगी। हाल ही में, राजस्थान पुलिस की एक टीम लखनऊ पहुंची थी, जहां उन्होंने ‘वुमेन पावर लाइन 1090’ के कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान, उत्तर प्रदेश पुलिस के अधिकारियों ने उनका मार्गदर्शन किया और उन्हें इस हेल्पलाइन के संचालन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। एक रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान पुलिस के डिप्टी कमिश्नर और एडिशनल सुप्रीटेंडेंट महेश शर्मा और धर्मेंद्र कुमार इस दौरे में शामिल थे। यूपी पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि टीम ने ‘1090’ के कार्यप्रणाली को नजदीक से देखा और वहां की काउंसलिंग प्रक्रिया व साइबर सेल की कार्यशैली को समझा। इसके अलावा, टीम ने ‘1090’ और ‘यूपी डायल 112’ के बीच तालमेल को भी गहराई से अध्ययन किया।
















































































Leave Your Message