म्यांमार में भूकंप के बाद 4.2 तीव्रता का दूसरा झटका, मीलों तक इन्फ्रास्ट्रक्चर को हुआ नुकसान।

म्यांमार में शुक्रवार को 7.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिससे म्यांमार और थाईलैंड में कई इमारतों को नुकसान हुआ। भूकंप के बाद बड़े पैमाने पर तबाही और जनहानि की रिपोर्ट भी आई। इसके बाद, रात को 11:56 बजे म्यांमार में 4.2 तीव्रता का एक और भूकंप महसूस किया गया, जिसका केंद्र मांडले शहर के पास था। आधी रात को आए इस भूकंप के बाद लोग डर के कारण अपने घरों से बाहर निकल आए। म्यांमार में भूकंप के झटकों से लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई इलाकों में बिजली की सप्लाई भी बाधित हो गई। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र ने इसकी पुष्टि की और कहा कि भूकंप के बाद पुनः राहत और बचाव कार्यों की शुरुआत की जा रही है।
शुक्रवार को म्यांमार और थाईलैंड में आए तेज भूकंप से भारी तबाही मच गई। म्यांमार में 7.7 तीव्रता के भूकंप के कारण ऊंची इमारतें, पुल और बांध नष्ट हो गए, और कम से कम 694 लोगों की मौत हुई, जबकि 1700 लोग घायल हो गए। थाईलैंड की राजधानी बैंकाक में भी एक निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत ढहने का वीडियो सामने आया। म्यांमार और थाईलैंड में मिलाकर 700 से अधिक लोग मारे गए। भूकंप के बाद 6.4 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। म्यांमार की सैन्य सरकार के प्रमुख ने टेलीविजन पर संबोधित करते हुए मृतकों की जानकारी दी। संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुतारेस ने म्यांमार को अंतरराष्ट्रीय मदद देने की पेशकश की। म्यांमार में कई पुल, मठ और बांध ढह गए, और मांडले में भूकंप के कारण कई इमारतें ध्वस्त हो गईं, जिनमें प्रसिद्ध मा सोए याने मठ और पूर्व शाही महल भी शामिल हैं।
Leave Your Message