फीस विवाद में दिल्ली सरकार की बड़ी कार्रवाई, सीएम ने खुद फोन कर दिए शिक्षा विभाग को सख्त निर्देश।
दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ोतरी और बच्चों को स्कूल से निकाले जाने का मुद्दा अब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के जनसंवाद कार्यक्रम तक पहुंच गया है। 15 अप्रैल को हुए इस कार्यक्रम में मॉडल टाउन स्थित क्वीन मैरी स्कूल के कई अभिभावक और बच्चे शामिल हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूल प्रशासन जबरन और गलत तरीके से फीस वसूल रहा है, और विरोध करने पर बच्चों को स्कूल से बाहर निकाल दिया जा रहा है। मामला अब गंभीर होता जा रहा है और सरकार से कार्रवाई की मांग की जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने प्राइवेट स्कूल की फीस वसूली और बच्चों को निकाले जाने की शिकायत पर तुरंत कार्रवाई की। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को फोन कर मामले की तत्काल जांच के निर्देश दिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा करते हुए लिखा कि दिल्ली सरकार शिक्षा में पारदर्शिता, समान अवसर और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने साफ कहा कि शोषण या अनियमितता के मामले में सरकार की *जीरो टॉलरेंस नीति* है और किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
दिल्ली में प्राइवेट स्कूलों की फीस बढ़ोतरी और बच्चों को निकाले जाने के मामले पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि सरकार का संकल्प है कि हर बच्चे को न्याय, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि बच्चों की पढ़ाई में किसी भी तरह की रुकावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच शुरू हो चुकी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी। सरकार ने साफ किया है कि शिक्षा क्षेत्र में किसी भी गड़बड़ी को गंभीरता से लिया जाएगा और कड़े कदम उठाए जाएंगे। इस बीच, विपक्षी आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी सरकार पर हमला बोला है और आरोप लगाया है कि फीस बढ़ोतरी की साजिश में खुद बीजेपी शामिल है।
















































































Leave Your Message