उत्तराखंड हेलिकॉप्टर हादसा: मासूम समेत सात लोगों की दर्दनाक मौत, डीजीसीए नियमों की अनदेखी और समय से पहले उड़ान बनी त्रासदी की वजह।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग ज़िले के गौरीमाई खर्क में केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहा आर्यन हेली एविएशन का हेलिकॉप्टर खराब मौसम और कम दृश्यता के कारण पेड़ से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में पायलट सहित सात लोगों की मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि हादसे के पीछे कंपनी की लापरवाही और नियमों की अनदेखी एक बड़ा कारण रही। फाटा के राजस्व उप निरीक्षक ने कंपनी के दो वरिष्ठ अधिकारियों — बेस मैनेजर विकास तोमर और अकाउंटेबल मैनेजर कौशिक पाठक — के खिलाफ सोनप्रयाग पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार, डीजीसीए और यूकाडा द्वारा निर्धारित फ्लाइंग स्लॉट सुबह 6 से 7 बजे का था, लेकिन हेलिकॉप्टर को निर्धारित समय से पहले, सुबह 5:11 बजे ही उड़ाया गया और कुछ ही मिनटों बाद, 5:24 बजे हादसा हो गया। तहरीर में बताया गया है कि आर्यन हेली एविएशन के अधिकारियों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की, जो कि गंभीर लापरवाही का मामला है। इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 28/2025, आईपीसी की धारा 105 और वायुयान अधिनियम 1934 की धारा 10 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है।
गौरी माई खर्क में रविवार सुबह आर्यन हेली एविएशन का हेलिकॉप्टर खराब मौसम और घने कोहरे के चलते पेड़ से टकराकर क्रैश हो गया, जिसमें पायलट समेत सात लोगों की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी नेपाली मूल की दो बहनों, शर्मिला और संजू ने बताया कि हेलिकॉप्टर के उड़ते ही अचानक घना कोहरा छा गया और वह पेड़ से टकराकर नीचे गिरा। हादसे के बाद हेलिकॉप्टर आग की लपटों में घिर गया। घटना की जांच में सामने आया कि उड़ान डीजीसीए के निर्धारित स्लॉट से पहले भरी गई थी। इस लापरवाही के लिए कंपनी के दो वरिष्ठ अधिकारियों पर मामला दर्ज किया गया है। मृतकों में एक 23 माह की बच्ची और उसके माता-पिता भी शामिल हैं। घटना के बाद आर्यन एविएशन की सेवा निलंबित कर दी गई है और अन्य हेलिकॉप्टर कंपनियों पर भी निगरानी तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे को दुखद बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई और हेलिकॉप्टर सेवाओं की समीक्षा के निर्देश दिए हैं। मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की गई है।
















































































Leave Your Message