आमिर खान की फिल्म बनी हिट, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देखी 'सितारे ज़मीन पर', साउथ की फिल्मों को दी टक्कर।
आमिर खान की फिल्म 'सितारे ज़मीन पर' हाल ही में शुक्रवार को रिलीज़ हुई। बीते दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में इस फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग देखी। उन्होंने फिल्म से जुड़ी तस्वीरें अपने सोशल मीडिया (X अकाउंट) पर साझा कीं और लिखा कि यह फिल्म न्यूरोडायवर्जेंट स्थितियों से जूझ रहे असली लोगों की कहानी दिखाती है और विविधता, समानता व समावेश का संदेश देती है। इस मौके पर फिल्म के निर्माता और अभिनेता आमिर खान भी टीम के साथ मौजूद रहे और राष्ट्रपति से मुलाकात की।
आमिर खान की फिल्म 'सितारे ज़मीं पर' रिलीज़ से पहले ही चर्चा में थी और अब रिलीज़ के बाद दर्शकों का दिल जीत रही है। महज 90 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने अब तक 75 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है और हिट होने के बेहद करीब है। आमिर खान ने इसे सिर्फ सिनेमाघरों में रिलीज करने का फैसला लिया है, जिससे ये फिल्म कुछ समय तक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नहीं दिखाई देगी। दर्शकों और समीक्षकों से फिल्म को काफी सराहना मिल रही है। इंडिया टीवी के रिव्यू में फिल्म को 3 स्टार मिले हैं। सेकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 10.7 करोड़, दूसरे दिन 20 करोड़, तीसरे दिन 27 करोड़, चौथे दिन 8.5 करोड़ और पांचवें दिन भी 8.5 करोड़ रुपये का शानदार कलेक्शन किया। इस फिल्म के साथ ही रिलीज हुई साउथ स्टार धनुष की फिल्म 'कुबेरा' ने भी अच्छी शुरुआत की, लेकिन अब तक कुल मिलाकर केवल 60 करोड़ रुपये की कमाई कर पाई है। ओपनिंग दिन पर कुबेरा ने 14.75 करोड़ रुपये की कमाई की थी, जो आमिर की फिल्म से अधिक थी, लेकिन उसके बाद लगातार गिरावट देखने को मिली। इसके मुकाबले, 'सितारे ज़मीं पर' ने स्थिर प्रदर्शन किया और आमिर खान एक बार फिर साबित कर रहे हैं कि उनकी फिल्में न केवल संदेश देती हैं, बल्कि बॉक्स ऑफिस पर भी मजबूती से टिकी रहती हैं।
















































































Leave Your Message