देशभक्ति फिल्म ‘बॉर्डर 2’ में दिलजीत दोसांझ की भूमिका को लेकर उठा विवाद, FWICE ने टी-सीरीज़ और सनी देओल को लिखा विरोध पत्र।
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘सरदार जी 3’ का ट्रेलर रिलीज़ हुआ, जिसमें पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर की झलक दिखाई दी। ट्रेलर आते ही सोशल मीडिया पर दिलजीत को आलोचना का सामना करना पड़ा। लोगों ने उन्हें पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम करने को लेकर जमकर घेरा। इस विवाद पर सफाई देते हुए दिलजीत ने एक इंटरव्यू में कहा कि हानिया के साथ फिल्म की शूटिंग पहलगाम अटैक से पहले पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसके बावजूद लोगों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा। इस मामले को लेकर FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन के अध्यक्ष बी.एन. तिवारी ने दिलजीत पर आरोप लगाया कि उन्होंने एक पाकिस्तानी कलाकार के साथ काम करके भारतीय जनता की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, देश की गरिमा को चोट पहुंचाई है और हमारे शहीद जवानों के बलिदान का अपमान किया है। इसके साथ ही संगठन ने दिलजीत के सभी आगामी प्रोजेक्ट्स — फिल्मों, गानों और अन्य कार्यों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की है।
मामला यहीं नहीं रुका। अब FWICE ने 'सरदार जी 3' से हटकर एक नया मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने सुपरहिट वॉर फिल्म ‘बॉर्डर’ के सीक्वल ‘बॉर्डर 2’ में दिलजीत की भूमिका को लेकर विरोध दर्ज किया है। संगठन ने टी-सीरीज़ के चेयरमैन भूषण कुमार, निर्देशक इम्तियाज अली, और अभिनेता-निर्माता सनी देओल से मांग की है कि वे दिलजीत के साथ किए गए किसी भी पेशेवर सहयोग पर पुनर्विचार करें और उन्हें 'बॉर्डर 2' से हटाया जाए। विवाद अब सिर्फ एक फिल्म या ट्रेलर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इससे जुड़े देशभक्ति, भावनात्मकता और फिल्म इंडस्ट्री की नैतिक ज़िम्मेदारियों को लेकर भी गंभीर बहस छिड़ गई है।
















































































Leave Your Message