बम की धमकी से हड़कंप: दिल्ली के नेवी और सीआरपीएफ स्कूलों में तलाशी अभियान जारी।
दिल्ली के द्वारका और चाणक्यपुरी स्थित दो प्रमुख स्कूलों — एक नेवी स्कूल और एक सीआरपीएफ स्कूल — को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी सुबह करीब 7:30 बजे भेजी गई, जिसकी जानकारी 8:30 बजे पीसीआर कॉल के माध्यम से पुलिस को दी गई। जैसे ही पुलिस को जानकारी मिली, स्थानीय पुलिस, पीसीआर यूनिट, बम स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड, साइबर एक्सपर्ट और स्पेशल स्टाफ मौके पर पहुंच गए। दोनों स्कूलों की गहन तलाशी ली गई। फिलहाल किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। साइबर सेल द्वारा धमकी भरे ईमेल के स्रोत की पहचान की जा रही है। सुरक्षा को देखते हुए स्कूल परिसरों की निगरानी बढ़ा दी गई है और छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखा गया है। पुलिस का कहना है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत भी हो सकती है, लेकिन सभी कोणों से जांच की जा रही है। फिलहाल हालात नियंत्रण में हैं, लेकिन सावधानी के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।
इस साल की शुरुआत में भी दिल्ली-एनसीआर के दो स्कूलों और सेंट स्टीफंस कॉलेज को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी। नोएडा के शिव नादर स्कूल और दिल्ली के एल्कॉन इंटरनेशनल स्कूल को धमकी मिलने के बाद छात्रों को एहतियातन घर भेज दिया गया था। हालांकि एल्कॉन स्कूल में बम की सूचना झूठी निकली। बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे परिसर की तलाशी ली गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ साझा की गई थी। इस तरह की घटनाओं को देखते हुए प्रशासन पहले से अधिक सतर्क है और हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जा रही है।
















































































Leave Your Message