केरल के कई जिलों में भारी बारिश के चलते रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी: कन्नूर, त्रिशूर और वायनाड में सभी स्कूल-कॉलेज हुए बंद।
केरल के उत्तरी हिस्सों में भारी बारिश से हालात बिगड़ गए हैं। कासरगोड, कन्नूर, कोझीकोड और वायनाड जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जहां अगले 24 घंटे में 20 सेंटीमीटर से अधिक बारिश की संभावना है। कई इलाकों में भूस्खलन और बाढ़ की खबरें सामने आई हैं। ऑरेंज अलर्ट एर्नाकुलम, इडुक्की, त्रिशूर, पलक्कड़ और मलप्पुरम में जारी है, जहां 11 से 20 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है। वहीं, तिरुवनंतपुरम, कोल्लम, पत्तनम्तिट्टा, अलप्पुझा और कोट्टयम जिलों में येलो अलर्ट है, जहां 6 से 11 सेंटीमीटर बारिश का अनुमान है।
केरल में भारी बारिश को देखते हुए कासरगोड, कन्नूर, त्रिशूर और वायनाड जिलों में 17 जुलाई को सभी शैक्षणिक संस्थान बंद रहेंगे। वायनाड प्रशासन ने अगले आदेश तक सभी पर्यटन गतिविधियों, खनन कार्यों और JCB के इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। मुंडक्कई-चूरलमाला इलाके में भी प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है, जहां पिछले साल भारी भूस्खलन में 200 से अधिक लोग मारे गए थे। कासरगोड की उप्पला और मोगरल नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिसके कारण सिंचाई डिजाइन और अनुसंधान बोर्ड (IDRB) ने नदी किनारे रहने वालों को सतर्क रहने की सलाह दी है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और आवश्यकतानुसार स्थानीय अधिकारियों से संपर्क करने की अपील की है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान जताया है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है। प्रशासन राहत कार्यों की तैयारी में सक्रिय है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
















































































Leave Your Message