नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर उद्धव ठाकरे की देवेंद्र फडणवीस से अहम बैठक, क्या महाराष्ट्र में होने वाला है बड़ा खेला?
शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच 17 जुलाई को विधानसभा के अंटी-चेंबर में लगभग बीस मिनट की मुलाकात हुई। इस बैठक में नेता प्रतिपक्ष के पद, त्रिभाषा सूत्र और हिंदी भाषा की अनिवार्यता जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई। उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री को ‘हिंदी की ज़बरदस्ती आखिर क्यों?’ नामक पुस्तक भेंट की, जिस पर फडणवीस ने इसे समिति अध्यक्ष नरेंद्र जाधव को देने का सुझाव दिया। नेता प्रतिपक्ष का पद अभी तक ठाकरे गुट को नहीं मिला है, इसी मुद्दे पर इस मुलाकात में उनके विधायक बेटे आदित्य ठाकरे और अन्य विधायक भी मौजूद थे।
हालांकि विधान भवन में देवेंद्र फडणवीस ने उद्धव ठाकरे को साथ आने का ऑफर पहले ही दिया था, इसलिए इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है। फडणवीस ने कहा, "2029 तक तो कोई संभावना नहीं है, लेकिन उद्धवजी को यहां शामिल करने पर विचार किया जा सकता है।" इस बयान पर पूछे जाने पर उद्धव ठाकरे ने इसे महज हंसी-मजाक की बात करार दिया। मुख्यमंत्री का यह ऑफर ऐसे समय में आया है जब राज ठाकरे की उद्धव ठाकरे के साथ नजदीकियां बढ़ रही हैं। महाराष्ट्र में मराठी-हिंदी भाषा विवाद को लेकर 5 जुलाई को शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के नेता राज ठाकरे ने एक संयुक्त रैली कर राज्य सरकार पर निशाना साधा था।
















































































Leave Your Message