सलमान खान की पूर्व प्रेमिका संगीता बिजलानी के फार्महाउस में चोरी का मामला, पुलिस ने शुरू की जांच।
फिल्म अभिनेत्री और सलमान खान की पूर्व प्रेमिका संगीता बिजलानी के पुणे जिले के मावल स्थित फार्महाउस में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। यह फार्महाउस तिकोना गांव, पवना डैम के पास स्थित है। संगीता बिजलानी करीब चार महीने बाद जब फार्महाउस पहुंचीं, तो उन्होंने पाया कि मेन गेट टूटा हुआ था और खिड़कियों की ग्रिल भी क्षतिग्रस्त थी। घर के अंदर का नजारा देखकर वह हैरान रह गईं—एक टेलीविजन गायब था, दूसरा टूटा हुआ पड़ा था, और ऊपरी मंज़िल पूरी तरह बर्बाद थी। शिकायत में संगीता ने बताया कि सभी बिस्तर टूटे हुए थे, फ्रिज समेत कई घरेलू और कीमती सामान या तो चुरा लिए गए या नष्ट कर दिए गए। यहां तक कि सीसीटीवी कैमरे भी तोड़ दिए गए थे। संगीता ने बताया कि वह अपने पिता की तबीयत खराब होने के चलते लंबे समय तक फार्महाउस नहीं जा पाईं, जिससे चोरों को मौका मिल गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
लोनावाला पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ निरीक्षक दिनेश तायडे ने पीटीआई से बातचीत में बताया कि चोरी और नुकसान का सही आकलन करने के लिए एक विशेष टीम तुरंत मौके पर भेजी गई है। उन्होंने कहा कि टीम पूरी जांच-पड़ताल कर रही है ताकि नुकसान का सही आंकलन किया जा सके। निरीक्षक तायडे ने यह भी कहा कि जब नुकसान और चोरी के मामले की पूरी जानकारी मिल जाएगी, तब उचित कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित अपराध दर्ज किया जाएगा। साथ ही, पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके और उन्हें जल्द से जल्द पकड़ने में मदद मिले।
















































































Leave Your Message