'हर झुग्गीवासी को मिलेगा मकान, दिल्ली फिर बनेगी राजधानी जैसी' — सीएम रेखा गुप्ता।
दिल्ली में झुग्गी बस्तियों पर बुलडोजर चलाने के आरोपों के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया है कि जब तक झुग्गीवासियों को स्थायी और सम्मानजनक आवास नहीं मिल जाता, तब तक किसी भी झुग्गी को नहीं तोड़ा जाएगा। उन्होंने 1 अगस्त को कहा, "हर एक को मकान देंगे, और एक भी झुग्गी टूटने नहीं देंगे।" जरूरत पड़ी तो सरकार नीति में बदलाव भी करेगी। यह बयान ऐसे समय आया है जब आम आदमी पार्टी लगातार आरोप लगा रही है कि बिना पुनर्वास के कई इलाकों में झुग्गियों को तोड़ा गया है। आप नेता आतिशी ने हाल ही में दावा किया कि मद्रासी कैंप, वजीरपुर, मादीपुर जैसे क्षेत्रों में पहले ही बुलडोजर चल चुके हैं और अन्य जगहों पर भी तैयारी जारी है।
दिल्ली में 'एनसीटी में सतत विकास' विषय पर आयोजित सेमिनार 'ग्रोथ भी, ग्रीन भी' के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने राजधानी के तेज और संतुलित विकास पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिल्ली को अब बेहतर स्कूल, अस्पताल, सड़कें, जल-सीवर लाइनें, सौर ऊर्जा और वर्षा जल संचयन प्रणाली के साथ-साथ पुनर्जीवित यमुना की ओर बढ़ना होगा। CM ने प्रधानमंत्री का हवाला देते हुए कहा, "दिल्ली आगे बढ़ेगी तो देश आगे बढ़ेगा।" उन्होंने बताया कि उनकी सरकार के मंत्री रोज़ाना 16-18 घंटे काम कर रहे हैं ताकि दिल्ली उन राज्यों की बराबरी कर सके जो अब राजधानी से आगे निकल गए हैं। रेखा गुप्ता ने 1954 के श्रम कानूनों की आलोचना करते हुए बताया कि दिल्ली सरकार ने महिलाओं के नाइट शिफ्ट पर लगे प्रतिबंध को हटाने का निर्णय लिया है। अब महिलाएं अपनी मर्ज़ी से रात में भी काम कर सकेंगी और सरकार सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित करेगी।
















































































Leave Your Message