भारत दौरे पर आए चीनी विदेश मंत्री वांग यी, करेंगे पीएम मोदी से अहम मुलाकात।
2020 में गलवान घाटी में हुए तनावपूर्ण सैन्य संघर्ष के बाद से भारत और चीन के रिश्तों में जो ठंडक आ गई थी, वह अब धीरे-धीरे कम होती नजर आ रही है। इसी क्रम में चीन के विदेश मंत्री वांग यी सोमवार से दो दिवसीय भारत दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरे को दोनों देशों के बीच संबंधों को सुधारने की दिशा में एक अहम क़दम माना जा रहा है। वांग यी अपनी यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे, जो मंगलवार शाम को उनके आधिकारिक आवास पर निर्धारित है। इससे पहले वांग भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से भी अलग-अलग बैठकें करेंगे, जहां सीमा विवाद, व्यापार, उड़ान सेवाओं की बहाली और क्षेत्रीय स्थिरता जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। खास बात यह है कि यह दौरा शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के आगामी शिखर सम्मेलन से कुछ दिन पहले हो रहा है, जहां प्रधानमंत्री मोदी के चीन दौरे की भी संभावनाएं जताई जा रही हैं। यह यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक तनाव बढ़ता जा रहा है, खासकर टैरिफ को लेकर अमेरिका द्वारा लिए गए निर्णयों के बाद। वांग यी की यात्रा को इस पृष्ठभूमि में भारत और चीन के संबंधों में सुधार के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है। विदेश मंत्रालय की जानकारी के मुताबिक, वांग यी सोमवार शाम 4:15 बजे नई दिल्ली पहुंचेंगे और शाम 6 बजे एस जयशंकर से द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। अगले दिन यानी मंगलवार को सुबह 11 बजे वे अजीत डोभाल के साथ सीमा विवाद पर विशेष प्रतिनिधि स्तर की वार्ता करेंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे प्रधानमंत्री मोदी से भेंट करेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान दोनों देश विवादित सीमा पर शांति बनाए रखने के लिए नए विश्वास-निर्माण उपायों पर भी बात कर सकते हैं, जो भविष्य में स्थायी स्थिरता की दिशा में अहम साबित हो सकते हैं।
















































































Leave Your Message