देश में बदला मौसम का मिज़ाज: कई राज्यों में मूसलाधार बारिश, तेज़ हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी।
गुजरात, महाराष्ट्र, ओडिशा सहित देश के कई राज्यों में बीते 24 घंटे से मूसलाधार बारिश जारी है और भारतीय मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी भारी वर्षा की चेतावनी दी है। कई स्थानों पर 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। गुजरात, मुंबई, गोवा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में भारी बारिश का अलर्ट है, जबकि 22 से 26 अगस्त के बीच जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा और अगले एक हफ्ते तक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड व राजस्थान में भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अगस्त से गुजरात में एक नए भारी बारिश के दौर की शुरुआत हो सकती है।
पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश का सिलसिला बना रहेगा। असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और अरुणाचल प्रदेश में अगले पांच दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है। ओडिशा के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है, जिनमें कटक, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, पुरी, बरगढ़, मयूरभंज और ढेंकनाल शामिल हैं। साथ ही, भुवनेश्वर मौसम विज्ञान केंद्र ने गरज-चमक के साथ तेज़ हवाओं और बिजली गिरने की संभावना जताई है। मछुआरों को 23 अगस्त तक उत्तरी ओडिशा तट के पास समुद्र में न जाने की सख्त सलाह दी गई है, क्योंकि मौसम अत्यंत खराब रहने की संभावना है। दिल्ली में गुरुवार को हल्की बारिश हुई और अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को राजधानी में आंधी, तेज़ हवाओं और बारिश की संभावना जताई है। लगातार बदलते मौसम के चलते प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम अपडेट्स पर नज़र बनाए रखने की अपील की है।
















































































Leave Your Message