अमेरिकी झंडे का अपमान अब पड़ेगा भारी: ट्रंप प्रशासन ने झंडा जलाने वालों पर कड़ी सजा का ऐलान किया।
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कड़ा और विवादास्पद कार्यकारी आदेश जारी करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब कोई भी व्यक्ति यदि अमेरिकी ध्वज (National Flag) का अपमान करता है — विशेष रूप से उसे जलाता है, तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाएगी। इस आदेश के तहत ऐसा करने पर एक साल की जेल की सजा का प्रावधान है। राष्ट्रपति ट्रंप के अनुसार, "अमेरिकी झंडा केवल एक कपड़ा नहीं, बल्कि देश की एकता, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। यह आदेश ऐसे समय पर आया है जब हाल ही में कैलिफोर्निया के लॉस एंजेलिस में हुए प्रदर्शन के दौरान कई प्रदर्शनकारियों, खासकर अवैध प्रवासियों ने खुलेआम अमेरिकी झंडे को जलाकर विरोध जताया था। ये विरोध ट्रंप के इमिग्रेशन नीति और ICE (Immigration and Customs Enforcement) की छापेमारी के खिलाफ थे, जिसमें अवैध प्रवासियों को अमेरिका से निष्कासित करने की तैयारी की गई थी।
ट्रंप का आदेश सिर्फ अमेरिकी नागरिकों तक सीमित नहीं है। यदि कोई गैर-अमेरिकी नागरिक (foreign national) अमेरिकी ध्वज का अपमान करता है, तो उसका वीज़ा रद्द किया जा सकता है या उसे देश से निकाला जा सकता है। यह कदम ट्रंप की "अमेरिका फर्स्ट" नीति के अंतर्गत राष्ट्रवादी भावना को बढ़ावा देने और अमेरिका में रहने वाले हर व्यक्ति से संविधान और राष्ट्रीय प्रतीकों के सम्मान की अपेक्षा के रूप में देखा जा रहा है। इस नए आदेश को लेकर देश में राजनीतिक और सामाजिक बहस भी शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर हमला मान रहे हैं, जबकि ट्रंप समर्थकों का कहना है कि यह फैसला "देश के सम्मान की रक्षा" के लिए जरूरी है। कुल मिलाकर, ट्रंप का यह आदेश न सिर्फ कानून व्यवस्था का सख्त संदेश देता है, बल्कि आगामी चुनावों से पहले राष्ट्रवाद को केंद्र में लाने की रणनीति का हिस्सा भी माना जा रहा है।
















































































Leave Your Message