यमुना खतरे के पार: दिल्ली में बाढ़ जैसे हालात, जलस्तर 205.39 मीटर पहुंचा; मयूर विहार में राहत शिविर, प्रशासन अलर्ट मोड पर।
दिल्ली में लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी राज्यों में मूसलाधार वर्षा के कारण यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है, जिससे राजधानी में बाढ़ का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। हालात को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है और मयूर विहार समेत यमुना किनारे के इलाकों में बाढ़ राहत शिविर बनाए गए हैं। यहां तंबुओं की व्यवस्था की गई है ताकि लोग सुरक्षित रूप से शरण ले सकें। स्थानीय निवासी अशोक के अनुसार, बाढ़ आने की स्थिति में यमुना किनारे रहने वाले लोग इन शिविरों में शिफ्ट किए जाएंगे। इधर, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने भी चेतावनी जारी की है कि 31 अगस्त तक दिल्ली में गरज के साथ बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले कुछ दिनों में तेज बारिश की संभावना है। इसके चलते प्रशासन ने कमजोर इलाकों में रहने वाले लोगों को अलर्ट कर दिया है और निचले इलाकों में जलभराव और यातायात बाधा की स्थिति को लेकर एडवाइजरी जारी की है। जलस्तर बढ़ने से यमुना से सटे कुछ क्षेत्रों में पानी भराव की समस्या भी शुरू हो गई है। यदि बारिश का दौर इसी तरह जारी रहा, तो बाढ़ जैसे हालात और भी गंभीर रूप ले सकते हैं।
दिल्ली में यमुना का जलस्तर खतरे के निशान (205.33 मीटर) को पार कर 205.39 मीटर पहुंच गया है, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उधर, हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते चंडीगढ़-मनाली हाईवे बंद हो गया है और कुल्लू जिले के कई इलाकों में ब्यास नदी के उफान से तबाही हुई है। मौसम विभाग ने हिमाचल के कई जिलों में रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
















































































Leave Your Message