सरकार के GST 2.0 रिफॉर्म्स ने शेयर बाजार में भरी जान, सेंसेक्स 888 अंकों की छलांग के साथ नई ऊंचाई पर, निफ्टी ने भी दिखाई दमदार बढ़त।
जीएसटी में बड़े सुधारों के ऐलान के बाद आज शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। गुरुवार सुबह बाजार पॉजिटिव रुख के साथ खुले, जहां बीएसई का 30 शेयरों वाला इंडेक्स 888 अंकों की छलांग लगाकर 81,456 पर पहुंच गया, वहीं निफ्टी भी 265 अंकों की मजबूती के साथ 24,980 पर कारोबार करता नजर आया। सरकार ने टैक्स सिस्टम को आसान बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। जीएसटी काउंसिल की बैठक में 12% और 28% के टैक्स स्लैब को हटाकर अब सिर्फ 5% और 18% के स्लैब को मंजूरी दी गई है। इससे अब पहले जिन वस्तुओं पर 12% या 28% टैक्स लगता था, वे अब 5% या 18% के अंतर्गत आएंगी, जिससे कई चीजें सस्ती हो जाएंगी और उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी। इसके अलावा, लग्जरी और हानिकारक वस्तुओं पर 40% का विशेष टैक्स स्लैब लागू किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से इस डबल गिफ्ट की झलक दी थी, जिसे अब वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने जीएसटी काउंसिल की 56वीं बैठक में पूरा किया। इन सुधारों का उद्देश्य अर्थव्यवस्था में मांग को बढ़ावा देना और व्यापारियों के लिए टैक्स का पालन करना आसान बनाना है। शेयर बाजार की बात करें तो M&M के शेयरों में सबसे ज्यादा 6.73% की तेजी आई, इसके अलावा बजाज फाइनेंस ने 4.70%, बजाज फिनसर्व ने 3.07%, आईटीसी ने 2.26% और हिंदुस्तान यूनिलीवर ने 2.13% की बढ़त दर्ज की। हालांकि कुछ कंपनियों के शेयरों में गिरावट भी देखने को मिली, जैसे इटरनल में 0.75%, टाटा स्टील में 0.36%, रिलायंस में 0.31% और HCL टेक में 0.27% की गिरावट रही। कुल मिलाकर, टैक्स स्ट्रक्चर में यह बदलाव न सिर्फ आम जनता को राहत देगा, बल्कि शेयर बाजार और अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देगा।
















































































Leave Your Message