लखनऊ में सियासी बवाल: ABVP कार्यकर्ताओं और ओपी राजभर के बीच टकराव, अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बोला हमला।
लखनऊ की सियासत में इस वक्त एक नया बवाल खड़ा हो गया है। मामला है ओम प्रकाश राजभर और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच टकराव का। दरअसल, श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी में लॉ कोर्स की मान्यता को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया था। इस दौरान पुलिस ने लाठीचार्ज किया और राजभर ने इस कार्रवाई का समर्थन करते हुए प्रदर्शनकारियों को ‘गुंडा’ कह दिया। बस फिर क्या था – बवाल मच गया। राजभर के बयान से नाराज ABVP कार्यकर्ता बुधवार रात लखनऊ के हजरतगंज इलाके में उनके घर के बाहर पहुंच गए। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की, पथराव किया और राजभर का पुतला भी फूंक डाला। अब इस विवाद में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव भी कूद पड़े हैं। उन्होंने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि “बीजेपी किसी की सगी नहीं है। कल तक अपनी परिषद और वाहिनी आपस में लड़ रही थीं, और आज सहयोगियों के घर पर हमला हो रहा है।” अखिलेश ने आरोप लगाया कि बीजेपी पहले अपने संगठनों में फूट डालती है और फिर अपने सहयोगियों को ठगती है। यही नहीं, अखिलेश ने राजभर पर भी सीधा वार किया। उन्होंने कहा कि “उनकी सियासी ज़िंदगी बर्बाद हो चुकी है, उनके हाथ-पैर ठंडे पड़ गए हैं और चेहरा पीला पड़ गया है।” दरअसल, उनका इशारा SBSP के पीले गमछे और झंडे की तरफ था। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी अपने सहयोगियों को सिर्फ आर्थिक लालच तो दे सकती है, लेकिन इज्ज़त कभी नहीं देगी। उनकी रणनीति साफ है – “पहले इस्तेमाल करो और फिर फेंक दो।”
















































































Leave Your Message