भोजपुरी अभिनेता व सिंगर पवन सिंह पर 1.25 करोड़ की ठगी का आरोप: फिल्म ‘बॉस’ में निवेश को लेकर व्यवसायी ने किया केस।
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह समेत चार लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और विश्वासघात के गंभीर आरोप में वाराणसी के कैंट थाने में मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई अदालत के निर्देश पर की गई है। शिकायतकर्ता विशाल सिंह, जो वाराणसी के एक व्यवसायी हैं, ने आरोप लगाया कि 2018 में रिलीज हुई फिल्म ‘बॉस’ में निवेश के नाम पर उनके साथ करीब 1.25 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की गई। विशाल ने अपने वकील के ज़रिए बताया कि 2017 में मुंबई में फिल्म निर्देशक प्रेम शंकर राय के संपर्क में आने के बाद उन्हें फिल्म प्रोडक्शन में निवेश के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें मुनाफे में 50% हिस्सेदारी का वादा किया गया और अभिनेता पवन सिंह से भी उनकी बैठक कराई गई। वादों पर विश्वास कर उन्होंने अपनी और अपने भाई की कंपनियों से कई किस्तों में पैसा निवेश किया। हालांकि, फिल्म रिलीज़ होने के बाद उन्हें न तो किसी तरह का लाभ मिला, न ही उनका कोई लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। जब उन्होंने पैसे या हिस्सेदारी की मांग की, तो पवन सिंह द्वारा जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया।
विशाल का कहना है कि उन्होंने कैंट थाने और पुलिस आयुक्त से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई, जिसके बाद उन्हें मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (द्वितीय) की अदालत का रुख करना पड़ा। अदालत ने जांच के बाद FIR दर्ज करने का आदेश दिया। गौरतलब है कि हाल ही में पवन सिंह का एक म्यूजिक वीडियो भी रिलीज़ हुआ था, जिसमें वे एक हरियाणवी एक्ट्रेस के साथ नजर आए थे। उस इवेंट के दौरान हुए एक अनुचित व्यवहार को लेकर भी विवाद खड़ा हुआ था, जिससे पवन सिंह पहले ही चर्चा में बने हुए थे। अब इस धोखाधड़ी केस ने उनके लिए नई मुश्किलें खड़ी कर दी हैं।
















































































Leave Your Message