"गंगा किनारे डांस से नहीं बनते मुख्यमंत्री: कुशवाहा का तेजस्वी पर कसा तंज।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा के अध्यक्ष और एनडीए सहयोगी उपेंद्र कुशवाहा ने तेजस्वी यादव के वायरल डांस वीडियो पर जोरदार तंज कसते हुए कहा “गंगा किनारे डांस करने से कोई मुख्यमंत्री नहीं बनता। कुशवाहा ने तेजस्वी को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीति में जनता के बीच गंभीर छवि बनाए रखना ज़रूरी है, वरना लोग मज़ाक बना देते हैं। दरअसल, हाल ही में पटना मरीन ड्राइव पर तेजस्वी यादव का एक डांस वीडियो सामने आया था। उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर शेयर किया, जिसमें वो कुछ युवाओं के साथ गाने पर स्टेप करते दिखे। वीडियो तेजी से वायरल हुआ और सियासी हलकों में चर्चा का मुद्दा बन गया। तेजस्वी ने वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा था कि – वोटर अधिकार यात्रा पूरी करने के बाद ड्राइव पर निकले और सड़क पर मिले कलाकारों के आग्रह पर थोड़ा नाच लिया। लेकिन विपक्षी दलों ने इसे हल्कापन बताकर निशाना साध लिया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी भी तेजस्वी पर तंज कस चुके हैं। इसी बीच, पटना के मिलर स्कूल मैदान में आयोजित राष्ट्रीय लोक मोर्चा की महारैली में उपेंद्र कुशवाहा ने बड़ा राजनीतिक दावा भी किया। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में फिर से एनडीए की सरकार बनेगी, चाहे विपक्ष कितना भी जोर क्यों न लगा ले। उन्होंने 2026 की जनगणना और परिसीमन का ज़िक्र करते हुए कहा कि आने वाले समय में बिहार और यूपी की लोकसभा सीटों में बढ़ोतरी होगी, जिससे इन राज्यों का सियासी वजन और बढ़ जाएगा। लोकसभा चुनाव के नतीजों पर बोलते हुए कुशवाहा ने स्वीकार किया कि एनडीए की कुछ सीटों पर हार “सेल्फ गोल” की वजह से हुई। उन्होंने साफ कहा कि इस बार सभी दलों को मिलकर सिर्फ और सिर्फ एनडीए प्रत्याशियों को जिताने पर फोकस करना होगा। कुल मिलाकर, कुशवाहा का हमला तेजस्वी पर था, लेकिन संदेश अपने कार्यकर्ताओं और एनडीए सहयोगियों को भी था— कि राजनीति में डांस और शोशेबाज़ी नहीं, बल्कि संगठन और एकजुटता से ही जीत मिलती है।
















































































Leave Your Message