लाल किले पर रामलीला का आधुनिक अवतार: सोमनाथ मंदिर जैसी थीम, AI डबिंग और डिजिटल युग की होगी नई शुरुआत।
विश्वप्रसिद्ध लव कुश रामलीला कमेटी ने इस वर्ष 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक लाल किला मैदान में भव्य रामलीला के आयोजन की घोषणा की है। इस बार मंच की थीम ऐतिहासिक सोमनाथ मंदिर पर आधारित होगी, जो 150 फुट लंबा, 14 फुट ऊंचा और तीन मंजिला होगा, जिसे 1 लाख LED लाइट्स व रंगों से सजाया जाएगा, साथ ही 21 फुट की विशाल LED स्क्रीन पर रामलीला का सीधा प्रसारण होगा। आयोजन की जानकारी देने के लिए दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमान के वेश में कलाकारों ने भाग लिया, जिनमें श्रीराम की भूमिका टीवी अभिनेता किन्शुक वैद्य, लक्ष्मण के रूप में डॉ. राजन शर्मा, सीता के रूप में रिनी आर्य और हनुमान जी के रूप में मल्हार पांडे नजर आएंगे। कमेटी अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि इस बार रामलीला में बॉलीवुड के 15 कलाकार, NSD के 40 प्रशिक्षित कलाकार और 150 स्थानीय कलाकार भाग लेंगे। पहली बार तकनीक के रूप में AI डबिंग से बनी एक विशेष फिल्म हर दिन रामलीला शुरू होने से पहले दिखाई जाएगी, ताकि युवा पीढ़ी को जोड़ा जा सके, और यूट्यूब व सोशल मीडिया के माध्यम से 25 करोड़ दर्शकों तक इस आयोजन को पहुंचाने की योजना है। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर दिव्यांगजनों व महिलाओं के लिए विशेष कार्यक्रम होगा, जिसमें 1250 दिव्यांगजन, 100 महिलाएं और स्कूल के बच्चे शामिल होंगे। 19 सितंबर को भजन गायक कन्हैया मित्तल और अंजलि द्विवेदी की भजन संध्या तथा लीला के दौरान भगवान वाल्मीकि द्वारा लव-कुश को रामकथा सुनाने वाला विशेष दृश्य दर्शकों को पहली बार देखने को मिलेगा। दिल्ली की मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री मोदी, मेयर और कई केंद्रीय मंत्रियों को आमंत्रण भेजा गया है, और कुछ मंत्रियों से रामलीला में अभिनय करने का अनुरोध भी किया गया है। कमेटी ने यह भी बताया कि आगामी रविवार को होने वाली प्रेस वार्ता में और भी अहम जानकारियाँ साझा की जाएंगी।
















































































Leave Your Message