18 दिनों के इंतजार के बाद श्री माता वैष्णो देवी यात्रा 14 सितंबर से फिर शुरू, हादसे के बाद अब हालात हुए सामान्य।
श्री माता वैष्णो देवी की यात्रा 14 सितंबर (रविवार) से फिर से शुरू होने जा रही है, जो कि श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने यह जानकारी देते हुए बताया कि अगर मौसम अनुकूल रहा तो यात्रा दोबारा चालू कर दी जाएगी। गौरतलब है कि यह यात्रा पिछले 18 दिनों से स्थगित थी। 26 अगस्त को कटरा की त्रिकुटा पहाड़ियों के अधकुंवारी क्षेत्र में बादल फटने की घटना हुई थी, जिसके चलते भूस्खलन ने कहर मचाया और 34 श्रद्धालुओं की जान चली गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। इस हादसे के बाद यात्रा को अगले आदेश तक बंद कर दिया गया था। हालांकि मंदिर परिसर को श्रद्धालुओं के लिए बंद नहीं किया गया था। पुजारियों द्वारा रोजाना पूजा-पाठ और अनुष्ठान जारी रखे गए। कटरा स्थित बेस कैंप एकदम सुनसान पड़ा रहा, लेकिन कुछ श्रद्धालु अब भी मंदिर के प्रवेश द्वार ‘दर्शनी ड्योढ़ी’ तक आकर दर्शन करते नजर आते रहे। अब जब ट्रैक की मरम्मत का अधिकतर कार्य पूरा हो चुका है, तो यात्रा दोबारा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
इस बीच जम्मू-कश्मीर में बारिश और बाढ़ की स्थिति ने आम जनजीवन को काफी प्रभावित किया। पिछले कुछ हफ्तों में भारी बारिश से कई घर तबाह हो गए और कई लोगों की जान चली गई। स्कूल, सड़कें और हाइवे बंद हो गए थे। जम्मू संभाग में 10 सितंबर से स्कूलों को दोबारा खोल दिया गया है, जो कि 15 दिनों से बंद थे। 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे, जो कि कश्मीर को देश के बाकी हिस्सों से जोड़ने वाली एकमात्र ऑल-वेदर रोड है, वह भी 9 दिन बंद रहने के बाद फिर से खोल दिया गया है। इस बाढ़ और भूस्खलन से राज्य की लगभग 12,000 किलोमीटर सड़कें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई हैं। अब प्रशासनिक प्रयासों के साथ हालात धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हैं और श्रद्धालुओं को उम्मीद है कि वे फिर से माता के दर्शन कर पाएंगे।
















































































Leave Your Message