सर्दी में जहरीली हवा से बचाने को सरकार का बड़ा कदम, 3000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक हीटर बांटेगी, आग जलाने की प्रथा पर लगेगी रोक।
दिल्ली सरकार ने सर्दियों में वायु प्रदूषण को कम करने और जनता की सेहत की रक्षा के लिए एक अहम कदम उठाया है। सरकार 3,000 से ज्यादा इलेक्ट्रिक हीटर रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशनों (RWAs), वन रक्षकों और असंगठित औद्योगिक श्रमिकों को मुफ्त देगी, ताकि लोग ठंड से बचने के लिए खुले में आग न जलाएं और जहरीले धुएं से बचा जा सके। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में यह पहली बार है जब सरकार सीधे आरडब्ल्यूए और कमजोर वर्गों को राहत पहुंचा रही है। सिरसा ने कहा कि अब सिर्फ चेतावनियां नहीं, बल्कि व्यवहारिक समाधान दिए जा रहे हैं।
दिल्ली सरकार ने सर्दियों में वायु प्रदूषण को कम करने और कमजोर वर्गों को ठंड से राहत देने के लिए बड़ी योजना शुरू की है। इसके तहत दिल्ली स्टेट इंडस्ट्रियल एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (DSIIDC) द्वारा 4.2 करोड़ रुपये के बजट से 3,000 से अधिक इलेक्ट्रिक हीटर खरीदे जाएंगे। ये हीटर कॉलोनियों के RWA, वन रक्षकों और असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को वितरित किए जाएंगे ताकि खुले में आग जलाने की ज़रूरत न पड़े, जिससे हवा में जहरीला धुआं फैलता है। हीटरों की खरीद DSIIDC करेगी, वितरण का जिम्मा डिविजनल कमिश्नर के ऑफिस को सौंपा गया है और पर्यावरण विभाग इसकी निगरानी करेगा। सरकार ने यह स्पष्ट किया है कि योजना का फोकस उन्हीं जरूरतमंद वर्गों पर है जो हर साल ठंड में सबसे ज्यादा प्रभावित होते हैं। यह पहल दिल्ली सरकार की व्यापक वायु प्रदूषण-रोधी रणनीति का हिस्सा है, जिसमें पराली जलाने पर सख्ती, कचरा प्रबंधन में सुधार और निरीक्षण जैसे कदम शामिल हैं। इसके अलावा गाजीपुर, भलस्वा और ओखला लैंडफिल्स पर बायोमाइनिंग चल रही है, जिससे मीथेन उत्सर्जन और आगजनी की घटनाएं कम हुई हैं। सरकार का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल नियम बनाना नहीं, बल्कि लोगों को व्यावहारिक समाधान देना है, ताकि वे प्रदूषण फैलाने वाली मजबूरी भरी आदतों से छुटकारा पा सकें और सर्दी में सुरक्षित रह सकें।
















































































Leave Your Message