बिहार विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान: युवाओं को 1,000 रुपये मासिक भत्ता।
बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं, जिसमें चुनाव आयोग अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में चुनाव कराने की संभावना जताई जा रही है। चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार लगातार जनता के लिए कई बड़े ऐलान कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने राज्य के युवाओं को 1,000 रुपये प्रति माह भत्ता देने की घोषणा की है। इसके साथ ही, नीतीश कुमार ने यह भी बताया कि अगले पांच वर्षों में एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार प्रदान करना उनका लक्ष्य है। इसके लिए कौशल विकास प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को सक्षम बनाया जा रहा है ताकि वे सरकारी और निजी क्षेत्रों में नौकरी के अवसर प्राप्त कर सकें।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घोषणा की है कि बिहार सरकार के सात निश्चय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना का विस्तार किया गया है। अब इस योजना का लाभ इंटर पास युवाओं के साथ-साथ कला, विज्ञान और वाणिज्य स्नातक बेरोजगार युवाओं को भी मिलेगा। 20 से 25 वर्ष के वे स्नातक जो अध्ययनरत नहीं हैं, न तो स्वरोजगार है और न ही सरकारी या निजी नौकरी कर रहे हैं, उन्हें 1,000 रुपये प्रति माह की दर से अधिकतम दो वर्षों तक भत्ता मिलेगा। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि यह भत्ता युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण लेने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद करेगा, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो सके। यह पहल राज्य के युवाओं को आत्मनिर्भर, दक्ष और रोजगारोन्मुखी बनाने तथा बिहार के विकास में योगदान देने के उद्देश्य से की गई है।
















































































Leave Your Message