मंच पर सिंहासन पर बैठे थे 'दशरथ', अचानक गिरे और हो गया निधन।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में रामलीला के दौरान एक दुखद घटना हो गई। श्री रामलीला के मंचन में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे 73 वर्षीय वरिष्ठ कलाकार अमरेश महाजन का मंच पर ही निधन हो गया। वे मंच पर सिंहासन पर बैठे थे, तभी अचानक बेहोश होकर गिर पड़े। यह हादसा मंगलवार रात करीब 8:30 बजे हुआ। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी मौत दिल का दौरा पड़ने (हृदय गति रुकने) से हुई। उन्हें तुरंत पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा ले जाया गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। अमरेश महाजन (जिन्हें लोग शिबू के नाम से भी जानते थे) चंबा के मोहल्ला मुगला के रहने वाले थे और पिछले करीब 40 सालों से रामलीला में एक्टिव भाग ले रहे थे। वे खासकर दशरथ और रावण के किरदारों के लिए जाने जाते थे।
इस बार रामलीला शुरू होने से पहले उन्होंने अपने साथियों से कहा था कि यह उनकी आखिरी रामलीला होगी। लोगों ने इसे मजाक समझा, लेकिन ये बात सच साबित हो गई। मंगलवार को रामलीला का दूसरा दिन था और मंच पर "दशरथ दरबार" का दृश्य चल रहा था। इसी दौरान वे अचानक गिर पड़े और सब लोग हैरान रह गए। उनके निधन की खबर से पूरा चंबा शहर दुखी है। रामलीला क्लब के अध्यक्ष स्वपन महाजन और व्यापार मंडल के अध्यक्ष वीरेंद्र महाजन ने गहरा दुख जताया। मेडिकल कॉलेज चंबा के प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता ने बताया कि मौत का कारण हृदय गति रुकना था। जानकारी के अनुसार, चंबा में रामलीला का आयोजन 1949 से हो रहा है। इसकी शुरुआत लाला संसार चंद महाजन ने की थी और तब से हर साल चौगान मैदान में यह परंपरा चली आ रही है।
















































































Leave Your Message