दुनिया की सबसे शाही ट्रेन 'महाराजा एक्सप्रेस' से राष्ट्रपति मुर्मू की धार्मिक यात्रा, मथुरा-वृंदावन में सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम।
भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को महाराजा एक्सप्रेस ट्रेन से दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से रवाना होकर वृंदावन रोड स्टेशन पहुंचेंगी। यह ट्रेन दुनिया की सबसे शानदार ट्रेनों में गिनी जाती है और आईआरसीटीसी द्वारा संचालित होती है। ट्रेन में 18 डिब्बे होंगे, जिनमें प्रेसिडेंशियल सुइट, डीलक्स सुइट, रेस्तरां, लाउंज और राष्ट्रपति के स्टाफ के लिए पावर कार शामिल हैं। यात्रा के दौरान किसी भी तकनीकी समस्या से निपटने के लिए दो इंजन लगाए जाएंगे। ट्रेन सुबह 8 बजे दिल्ली से रवाना होकर करीब 10 बजे वृंदावन पहुंचेगी। राष्ट्रपति अपने इस निजी धार्मिक दौरे में श्री बांके बिहारी मंदिर, निधिवन, कुब्जा कृष्ण मंदिर, सुदामा कुटी, और मथुरा स्थित श्रीकृष्ण जन्मस्थान में पूजा-अर्चना करेंगी। वापसी में वह शाम को मथुरा जंक्शन से विशेष ट्रेन द्वारा दिल्ली लौटेंगी।
राष्ट्रपति की यात्रा को देखते हुए रेलवे और प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। उत्तर रेलवे और उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित किया गया है। मथुरा और वृंदावन में 4000 से अधिक पुलिसकर्मी और 1000 पीएसी जवान तैनात किए गए हैं। शहर में कई मार्गों को प्रतिबंधित किया गया है और कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति में राज्य के मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। यह राष्ट्रपति मुर्मू की दूसरी विशेष ट्रेन यात्रा है; इससे पहले जून 2023 में उन्होंने ओडिशा के रायरंगपुर के लिए विशेष ट्रेन से यात्रा की थी।
















































































Leave Your Message