स्वामी चैतन्यानंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत, यौन उत्पीड़न के मामले में कई खुलासे!

दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने शुक्रवार, 3 अक्टूबर को यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोपों में घिरे स्वामी चैतन्यानंद को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। दिल्ली पुलिस की 5 दिन की रिमांड खत्म होने के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया। इस मामले में अगली सुनवाई शनिवार, 4 अक्टूबर को होगी, जिसमें न्यायिक हिरासत के दौरान आरोपी बाबा को कपड़े, दवाइयां और विशेष भोजन (संन्यासी खाना) दिए जाने की मांग पर विचार किया जाएगा।

बाबा के वकील ने कोर्ट से मांग की कि केस डायरी और सीज़र मेमो (जब्ती सूची) पर न्यायिक मजिस्ट्रेट अनिमेष कुमार द्वारा हस्ताक्षर किए जाएं। कोर्ट ने इस पर पुलिस से जवाब तलब किया है और इस याचिका पर भी शनिवार को सुनवाई होगी।

62 वर्षीय आरोपी बाबा स्वामी चैतन्यानंद पर दिल्ली के साउथ-वेस्ट इलाके में स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान की 17 छात्राओं के यौन उत्पीड़न का आरोप है। एफआईआर में दर्ज आरोपों के मुताबिक, संस्थान के पूर्व अध्यक्ष चैतन्यानंद छात्राओं को देर रात अपने क्वार्टर में बुलाता था और उन्हें अश्लील संदेश भेजता था। वह अपने मोबाइल फोन के जरिए छात्राओं की गतिविधियों पर नजर रखता था और उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था।

मामले के सामने आने के बाद बाबा फरार हो गया था। पुलिस ने उसे 28 सितंबर को उत्तर प्रदेश के आगरा से गिरफ्तार किया। जांच के दौरान बाबा से जुड़े बैंक खातों और फिक्स डिपॉजिट्स में 8 करोड़ रुपये की रकम जब्त की गई है। ये धनराशि संस्थान के नाम और बाबा के निजी खातों में जमा थी।

इस मामले में गुरुवार, 2 अक्टूबर को पुलिस ने संस्था से जुड़ी तीन महिलाओं को भी गिरफ्तार किया। इनमें एसोसिएट डीन श्वेता शर्मा, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर भावना कपिल और सीनियर फैकल्टी सदस्य काजल शामिल हैं। इन तीनों पर आरोप है कि इन्होंने बाबा के निर्देशों का पालन करते हुए छात्राओं पर मानसिक दबाव बनाया। वे अनुशासन और समय की पाबंदी के बहाने छात्राओं को मजबूर करती थीं, ताकि बाबा उनके साथ अकेले समय बिता सके। पुलिस के अनुसार, तीनों महिलाओं ने पूछताछ में यह स्वीकार किया कि वे बाबा के कहे अनुसार काम करती थीं।

इन पर अपराध के लिए उकसाने, धमकाने और सबूत नष्ट करने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब पूरे मामले में संस्थान के अन्य कर्मचारियों और अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave Your Message

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

ट्रेंडिंग

शॉर्ट्स

हमारा देश

गैलरी

विदेश

शॉर्ट्स

मनोरंजन से

गैलरी

खेल-कूद

शॉर्ट्स

ग्रह-नक्षत्र

जरा इधर भी

शॉर्ट्स

ब्रॉडकास्ट्स