जावेद हबीब पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप, संभल पुलिस ने जारी किया लुक आउट नोटिस।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले में मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब और उनके परिवार पर धोखाधड़ी के गंभीर आरोप लगे हैं। संभल पुलिस ने जावेद हबीब, उनके बेटे अनोश हबीब और तीन अन्य लोगों के खिलाफ 20 एफआईआर दर्ज की हैं। मामला करोड़ों रुपये की ठगी से जुड़ा है, जिसके बाद पुलिस ने जावेद हबीब पर लुक आउट नोटिस भी जारी कर दिया है।
एसपी के.के. बिश्नोई के मुताबिक, जावेद हबीब के खिलाफ राय सत्ती थाने में 20 मुकदमे दर्ज किए गए हैं। आरोप है कि इन्वेस्टमेंट स्कीम के नाम पर सैकड़ों लोगों को झांसा देकर करोड़ों की ठगी की गई। शुरुआती जांच में अब तक 5 से 7 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है, जबकि पुलिस का मानना है कि यह आंकड़ा आगे और बढ़ सकता है क्योंकि पीड़ित लगातार सामने आ रहे हैं।
सेमिनार के बहाने ठगी
बताया गया है कि सितंबर 2023 में जावेद हबीब और उनके बेटे अनोश ने संभल में एक सेमिनार आयोजित किया था। इस इवेंट में बड़ी संख्या में लोगों को मुनाफ़े का लालच देकर निवेश कराया गया, लेकिन न तो उन्हें वादा किया गया मुनाफा मिला और न ही उनकी मूल धनराशि लौटाई गई। अब जब पीड़ितों को धोखाधड़ी का आभास हुआ, तो उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
लुक आउट नोटिस और संपत्ति जब्ती की तैयारी
जावेद हबीब और उनके बेटे के फरार होने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने दिल्ली और मुंबई स्थित उनके ठिकानों पर नोटिस चस्पा कर दिए हैं। ताकि वह विदेश न भाग सकें, इसलिए लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया है।
इस मामले में जावेद हबीब की पत्नी का नाम भी सामने आया है, जिसकी जांच की जा रही है। एसपी बिश्नोई ने कहा है कि यदि ठगी की रकम वापस नहीं की गई, तो आरोपियों की संपत्तियों को जब्त कर पीड़ितों को भुगतान किया जाएगा।
संभल पुलिस सभी शिकायतों को एकत्र कर जांच में तेजी से जुटी हुई है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।
















































































Leave Your Message