लखनऊ की रैली में गरजीं मायावती, योगी सरकार की तारीफ और सपा-कांग्रेस पर तीखा हमला!
लखनऊ के कांशीराम स्मारक स्थल पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की भव्य महारैली का आयोजन हुआ, जहां पार्टी सुप्रीमो मायावती ने विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए एक तरफ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार की सराहना की, तो दूसरी ओर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला।
मायावती ने कहा कि वह उत्तर प्रदेश की मौजूदा योगी सरकार की आभारी हैं, जिसने कांशीराम स्मारक स्थल की देखरेख और रखरखाव में ईमानदारी दिखाई है। उन्होंने साफ कहा कि पहले की समाजवादी पार्टी की सरकार ने इस ऐतिहासिक स्थल से होने वाली आय को दबा लिया था, लेकिन जब उन्होंने योगी सरकार से आग्रह किया कि इस पैसे का उपयोग स्मारक की मरम्मत और संरक्षण में किया जाए, तो उनकी बात को गंभीरता से सुना गया और कार्रवाई भी हुई।
अपने भाषण में मायावती ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, “जब वे सत्ता में होते हैं, तो कांशीराम स्मारक स्थल की कमाई का पैसा हड़प लेते हैं। सत्ता में रहते हुए इन्हें पीडीए (प्रोफेशनल डेवेलपमेंट अथॉरिटी) की याद तक नहीं आती। यह समाजवादी पार्टी का दोहरा चरित्र है और जनता को इनके रवैये से सावधान रहने की जरूरत है।”
मायावती ने इस दौरान बहुजन नायक कांशीराम के सपनों की भी याद दिलाई। उन्होंने कहा कि कांशीराम ने जीवन भर वंचितों, शोषितों और पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उनकी अंतिम इच्छा थी कि सत्ता की चाबी बहुजन समाज के हाथों में हो। "अब वक्त आ गया है कि उनके अधूरे सपने को पूरा करने के लिए एकजुट होकर संघर्ष किया जाए," उन्होंने अपने समर्थकों से अपील की।
भाषण के अंत में मायावती ने कांग्रेस पार्टी को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कांग्रेस पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के साथ अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा, “आज कुछ लोग हाथ में संविधान लेकर नाटक कर रहे हैं, लेकिन उन्हीं की सरकार में बाबा साहेब का अपमान किया गया। उन्हें लोकसभा तक में नहीं जाने दिया गया और भारत रत्न देने में भी देरी की गई।”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कांशीराम जी की मौत के बाद तक कोई राष्ट्रीय शोक घोषित नहीं किया। साथ ही यह भी आरोप लगाया कि पार्टी की छवि को खराब करने के लिए सीबीआई जैसी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल किया गया, लेकिन न्यायालय से उन्हें राहत मिली।
















































































Leave Your Message