पलवल से बल्लभगढ़ तक दौड़ेगी मेट्रो: हरियाणा में ट्रांसपोर्ट का सुनहरा युग शुरू होने जा रहा है, गांवों की भी बदलेगी किस्मत!
हरियाणा के लोगों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। जल्द ही पलवल और बल्लभगढ़ के बीच मेट्रो दौड़ती नजर आएगी, जिससे न केवल रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास को नई रफ्तार मिलेगी। हरियाणा सरकार ने इस महत्वाकांक्षी मेट्रो परियोजना के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
करीब 24 से 25 किलोमीटर लंबे इस प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर में 10 स्टेशन बनाए जाने की योजना है। यह कॉरिडोर बल्लभगढ़ रेलवे स्टेशन, बल्लभगढ़ बस स्टैंड, राजा नाहर सिंह मेट्रो स्टेशन और पलवल बस स्टैंड को सीधे जोड़ने का काम करेगा। यानी अब यात्रियों को बस, ट्रेन और मेट्रो — तीनों सुविधाएं एक ही जगह पर उपलब्ध होंगी, वो भी कुछ ही कदमों की दूरी पर।
इस परियोजना की टेक्नो-फेजिबिलिटी स्टडी राइट्स (RITES) को सौंपी जा चुकी है, और इसकी अनुमानित लागत करीब 4,320 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यानी इस मेट्रो कॉरिडोर की प्रति किलोमीटर लागत करीब 180 करोड़ रुपये होगी।
मेट्रो आने से पलवल से एनसीआर और दिल्ली तक की कनेक्टिविटी बेहद आसान हो जाएगी। खास बात यह है कि यह मेट्रो सिर्फ दो शहरों को ही नहीं जोड़ेगी, बल्कि बीच में पड़ने वाले गांवों जैसे भगोला, पृथला, सीकरी, अल्हापुर, किठवाड़ी, मंडकोल, दुधौला और सॉफ्टा आदि को भी जबरदस्त फायदा होगा।
इन गांवों में अब तक ट्रांसपोर्ट की सीमित सुविधाएं ही थीं, लेकिन मेट्रो आने के बाद यहां रियल एस्टेट सेक्टर में बूम आ सकता है। प्रॉपर्टी की कीमतें बढ़ेंगी और पेशेवर लोग इन गांवों में घर किराए पर लेने या खरीदने के इच्छुक होंगे। इससे रोजगार के नए अवसर, किराये की आमदनी, और स्थानीय व्यापारियों को बढ़ती मांग का लाभ मिलेगा।
इस मेट्रो प्रोजेक्ट को हरियाणा सरकार द्वारा एक “गांव से शहर” की कनेक्टिविटी मिशन के रूप में भी देखा जा रहा है। मेट्रो सुविधा मिलने से जहां शहरी लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के विकास का भी मार्ग प्रशस्त होगा।
यात्रियों के लिए यह मेट्रो सुविधा किसी वरदान से कम नहीं होगी। अब देखना यह है कि इस परियोजना पर कब तक काम शुरू होता है और कब यह मेट्रो ट्रैक पर दौड़ती नजर आती है, लेकिन इतना तय है कि पलवल-बल्लभगढ़ मेट्रो आने वाले वर्षों में पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल देगी।
















































































Leave Your Message