'कोबरा कांड' में एल्विश यादव और फाजिलपुरिया की बढ़ी मुश्किलें, ED ने दाखिल की चार्जशीट, 55 लाख की संपत्ति जब्त!
मशहूर यूट्यूबर एल्विश यादव और पंजाबी सिंगर फाजिलपुरिया एक बार फिर कानून के शिकंजे में हैं। अबकी बार मामला और गंभीर है, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने दोनों के खिलाफ गुरुग्राम की पीएमएलए विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इस चार्जशीट में सिर्फ ये दो कलाकार ही नहीं, बल्कि चंडीगढ़ की मीडिया कंपनी 'स्काई डिजिटल' भी आरोपी के तौर पर नामित की गई है।
इस पूरे विवाद की जड़ है फाजिलपुरिया का चर्चित गाना '32 बोर', जिसमें अवैध रूप से संरक्षित सांपों का इस्तेमाल किया गया था। ED की जांच में सामने आया है कि इस गाने से करीब 52 लाख रुपये की कमाई हुई थी, जिसमें से लगभग 50 लाख रुपये बिजनौर में तीन एकड़ जमीन खरीदने में खर्च कर दिए गए। यह लेन-देन पूरी तरह से संदिग्ध माना गया है।
जांच के दौरान एल्विश यादव और फाजिलपुरिया के बैंक खातों से 3 लाख रुपये, जबकि स्काई डिजिटल के खाते से 2 लाख रुपये जब्त किए गए। यही नहीं, दोनों की करीब 55 लाख रुपये की संपत्ति भी अटैच कर दी गई है। ईडी ने इस कमाई को ‘अपराध से अर्जित आय’ करार दिया है, क्योंकि इसमें अवैध रूप से वन्य जीवों का व्यावसायिक इस्तेमाल किया गया था।
यह मामला अब ‘कोबरा कांड’ के नाम से जाना जाता है। इससे पहले नोएडा पुलिस ने भी एल्विश यादव के खिलाफ केस दर्ज किया था, जिसमें उन पर आरोप लगे थे कि उन्होंने रेव पार्टियों और फार्महाउसों में जिंदा सांप और उनके ज़हर का अवैध कारोबार किया। जांच के दौरान एल्विश को गिरफ्तार भी किया गया था।
ईडी ने खुलासा किया कि '32 बोर' गाने की शूटिंग में जिन सांपों और वन्यजीवों का इस्तेमाल हुआ, वे संरक्षित प्रजातियों से हैं, जिनका किसी भी व्यावसायिक मकसद से इस्तेमाल वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत गंभीर अपराध माना जाता है। इस वीडियो को ‘स्काई डिजिटल’ ने शूट किया था और एल्विश यादव ने इसे अपने यूट्यूब चैनल पर प्रमोट कर लाखों की कमाई की।
सितंबर 2024 में, ईडी ने लखनऊ दफ्तर में घंटों पूछताछ के दौरान दोनों कलाकारों से उनकी कमाई और संपत्तियों की जानकारी ली थी। अब कोर्ट ने चार्जशीट का संज्ञान लेते हुए एल्विश यादव और फाजिलपुरिया को तलब करने का आदेश दिया है। अगले चरण में इनसे कोर्ट में उनका पक्ष सुना जाएगा और फिर मामले की अगली कानूनी कार्रवाई तय होगी।
कहानी यहीं खत्म नहीं होती—जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ रही है, मामले में और बड़े खुलासे होने की आशंका जताई जा रही है।
















































































Leave Your Message