त्योहारों पर सतर्क रहेगा यूपी: सीएम योगी का एक्शन प्लान तैयार, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश!
त्योहारों के मौसम में उत्तर प्रदेश में शांति और व्यवस्था बनाए रखने को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़े निर्देश जारी किए हैं। लखनऊ स्थित सीएम आवास पर हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को चेताया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों को साफ निर्देश दिया गया है कि सभी फील्ड में रहकर निगरानी करें, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था होगी हाई-टेक
सीएम योगी ने कहा कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों और मंदिरों में पुलिस गश्त और ड्रोन से निगरानी अनिवार्य रूप से की जाए। 24 घंटे CCTV मॉनिटरिंग, फायर टेंडर्स को अलर्ट मोड में रखना और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने पुलिस और प्रशासन को संपूर्ण समन्वय के साथ काम करने की बात कही, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
ट्रैफिक और पब्लिक सेफ्टी पर भी जोर
मुख्यमंत्री ने ट्रैफिक व्यवस्था को भी मजबूत बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस को खास सतर्क रहना होगा और ऐसी जगह पार्किंग की व्यवस्था करनी होगी जिससे आम जनता को असुविधा न हो। हर जिले में स्थानीय स्तर पर ट्रैफिक प्लान तैयार किया जाए और उसे लागू किया जाए।
साफ-सफाई पर विशेष ध्यान
मुख्यमंत्री ने नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायतों को भी निर्देशित किया कि त्योहारों के दौरान धार्मिक स्थलों और बाजारों में साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। झूलते तार, गंदगी और अव्यवस्था पर सख्त नजर रखी जाए। सफाई कर्मियों की ड्यूटी रोस्टर तय कर उन्हें सक्रिय रखा जाए।
फील्ड में रहेंगे सभी अधिकारी
सीएम योगी ने कहा कि त्योहारों के दौरान जिलों के सभी प्रशासनिक अधिकारी फील्ड में मौजूद रहेंगे। इससे अधीनस्थों में जवाबदेही बनी रहेगी और आम जनता को बेहतर सुविधा मिल सकेगी। उन्होंने साफ कहा कि कहीं भी गड़बड़ी की सूचना मिलने पर अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचें।
“प्रदेशवासी उल्लास से पर्व मनाएं”
अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि, “हर नागरिक त्योहार शांति, सौहार्द और उल्लास के साथ मना सके, यह हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कोई भी लापरवाही पूरे माहौल को बिगाड़ सकती है।”
















































































Leave Your Message