मुंबई में भारी बारिश से जनजीवन पर प्रभाव, रेड अलर्ट किया जारी।
मुंबई शहर में सोमवार को नौ घंटों में 101.8 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जो इस अवधि के दौरान इसके उपनगरों में हुई वर्षा से करीब सात गुना अधिक है, जबकि महाराष्ट्र के कुछ अन्य हिस्सों में भी भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) मुंबई की वैज्ञानिक सुषमा नायर ने बताया कि शहर के कोलाबा मौसम केंद्र ने सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक 101.8 मिमी बारिश दर्ज की। उन्होंने कहा, इसके विपरीत, सांताक्रूज मौसम केंद्र, जो मुंबई के उपनगरों के लिए मौसम के मापदंडों को मापता है, ने सुबह 8.30 बजे से शाम 5.30 बजे तक केवल 14.8 मिमी बारिश दर्ज की है। मुंबई में मंगलवार सुबह भी भारी बारिश के कारण सामान्य जनजीवन बाधित रहा, जिससे यातायात जाम हो गया और सड़कें जलमग्न हो गईं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने मंगलवार को शहर में भारी से बहुत भारी वर्षा की भविष्यवाणी करते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके साथ साथ हाई टाइड की भी चेतावनी जारी की गई है।
आईएमडी ने अपने लेटेस्ट पूर्वानुमान में मंगलवार दोपहर 1 बजे तक मुंबई को रेड अलर्ट पर रखा है, जो दर्शाता है कि भारी से बहुत भारी वर्षा जारी रहेगी। मंगलवार दोपहर तक रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पालघर और ठाणे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी वर्षा की चेतावनी के मद्देनजर कई जिलों के स्कूलों को 9 जुलाई को बंद रखने का निर्देश दिया गया है।















































































Leave Your Message