बीजेपी में बड़ा बदलाव जल्द! नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की घोषणा इस हफ्ते संभव, बैठकों से बढ़ी सियासी हलचल!
बीजेपी के अगले राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर एक बार फिर हलचल बढ़ गई है। लगातार बैठकों का दौर चलने से चर्चाएं तेज हैं कि पार्टी इस हफ्ते ही अपने नए अध्यक्ष की घोषणा कर सकती है। पिछले तीन दिनों से दिल्ली में बीजेपी के बड़े नेताओं के बीच कई बैठकें हो चुकी हैं।बीजेपी संगठन ऐसे नेता की तलाश में है जो आने वाले विधानसभा चुनावों और 2029 लोकसभा चुनाव की तैयारी को मज़बूत कर सके। मंगलवार को संगठन चुनाव समिति के अध्यक्ष ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी, जिसके बाद नए अध्यक्ष को लेकर अटकलें और भी तेज हो गईं। बीजेपी के मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर हुई डिनर पार्टी ने भी चर्चाओं को हवा दी। यह पार्टी बिहार जीत के जश्न के लिए रखी गई थी, लेकिन इसमें बंगाल चुनाव की रणनीति और नए अध्यक्ष पर भी चर्चा होने की बात सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीजेपी अध्यक्ष की रेस में सुनील बंसल, मनोहर लाल खट्टर, धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। हालांकि बीजेपी अक्सर ऐसे मौकों पर चौंकाने वाले फैसले लेती है, इसलिए अंतिम फैसला क्या होगा, कहना मुश्किल है।
28 से 30 नवंबर तक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में बीजेपी की डीपीपी बैठक होने वाली है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह शामिल होंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में नया अध्यक्ष तय करने पर चर्चा निर्णायक मोड़ पर पहुंच सकती है। पार्टी पिछले एक साल से नए अध्यक्ष की तलाश में है, लेकिन बिहार चुनाव की वजह से इस पर अंतिम फैसला टलता रहा। अगर इस हफ्ते घोषणा नहीं होती है, तो जनवरी-फरवरी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की संभावना है। जेपी नड्डा फिलहाल 30 जून 2024 तक बढ़ाई गई अवधि के कारण अध्यक्ष पद पर बने हुए हैं, और अब पार्टी नए नेतृत्व की ओर बढ़ने के संकेत दे रही है।















































































Leave Your Message